रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पद्म विभूषण से सम्मानित और विश्वविख्यात पंडवानी गायिका तीजन बाई के स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने दूरभाष पर तीजन बाई के परिजनों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने तीजन बाई के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके उपचार में हरसंभव सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि पद्म विभूषण तीजन बाई अस्वस्थ हैं और उनका उपचार रायपुर एम्स में चल रहा है। शनिवार को विधायक अनुज शर्मा और रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह एम्स पहुंचे, जहां उन्होंने तीजन बाई से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। इस दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने तीजन बाई के परिजनों की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से दूरभाष पर बातचीत भी कराई।
मुख्यमंत्री ने परिजनों से बातचीत के दौरान तीजन बाई के स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से उपचार और अन्य आवश्यक सहयोग के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा, “पद्म विभूषण तीजन बाई हमारी लोककला की अमूल्य धरोहर हैं। मैं उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।”
वहीं, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने भी तीजन बाई के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और राज्य शासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

