लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या, बस्ती और गोरखपुर दौरे पर रहेंगे. अयोध्या में वे 432.70 करोड़ की 217 योजनाओं की सौगात देंगे. बस्ती में 504.34 करोड़ की 77 परियोजनाओं का लोकार्पण, सोहावल में पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण, हरैया में कंपोजिट विद्यालय का भूमि पूजन करेंगे. साथ ही लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र और सहायता सामग्री वितरण करेंगे. वहीं अयोध्या और बस्ती में सीएम योगी जनसभा को संबोधित करेंगे.
सीएम ने दौरे को लेकर जानकारी साझा की है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘जब विकास लोक-कल्याण से जुड़ता है और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचता है, तब सुशासन जनविश्वास का आधार बनता है. इसी संकल्प को साकार करते हुए आज प्रभु श्री राम की प्राणप्रिय नगरी श्री अयोध्या धाम और महर्षि वशिष्ठ की साधना-भूमि बस्ती में विकास और जनकल्याण के नए अध्याय जुड़ेंगे.’
इसे भी पढ़ें : UP Weather Today : प्रदेश के सभी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 13 जुलाई से लग सकती है झड़ी
योगी ने आगे लिखा कि ‘जनपद अयोध्या की बीकापुर विधान सभा क्षेत्र तथा जनपद बस्ती के हर्रैया और कप्तानगंज विधान सभा क्षेत्रों में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास होगा. साथ ही, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, स्वीकृति-पत्र, प्रमाण-पत्र और सहायता सामग्री का वितरण भी किया जाएगा. विकास का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे और जनकल्याण प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बने, यही डबल इंजन सरकार का संकल्प है.’

