गोरखपुर. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ सीएम योगी ने शनिवार को अत्याधुनिक ‘गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम’ (Gorakhpur International Cricket Stadium) प्रथम चरण का भूमिपूजन और शिलान्यास किया. बेलीपार क्षेत्र में करीब 393 करोड़ की लागत से क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा. स्टेडियम की दर्शक क्षमता है कुल 30 हजार होगी. स्टेडियम में 7 प्लेइंग पिच, 4 प्रैक्टिस पिच भी होगी.

बता दें कि इस स्टेडियम निर्माण के लिए पेट्रोलियम कंपनियां अपने सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) फंड से 100 करोड़ रुपये देंगी. ये स्टेडियम शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर गोरखपुर-वाराणसी हाईवे के पास तालनौर में बनाया जाएगा. दिसंबर 2027 तक इसका निर्माण पूरा किया जाना है.

इसे भी पढ़ें : 250 गाड़ियों के काफिले संग आने वाले सपा सांसद पर प्रशासन सख्त, हमीरपुर आने पर लगी रोक

योगी ने अपने संबोधन में कहा ‘आज गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (प्रथम चरण) का भूमि पूजन एवं शिलान्यास पूर्वी उत्तर प्रदेश के नौजवानों और आने वाली पीढ़ियों के लिए खेलकूद गतिविधियों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण दिन है.’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप खेल क्षेत्र में हमारा युवा अपने सामर्थ्य के साथ आगे बढ़ रहा है. ऐसे में उसे आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है. उत्तर प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रही है.

योगी ने आगे कहा कि अब तक हम 534 खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति दे चुके हैं और 500 खिलाड़ियों की नई भर्ती भी पुनः निकाली गई है. ओलंपिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ गेम्स, वर्ल्ड चैंपियनशिप और नेशनल चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं. आज हम हर गांव में खेल का मैदान बना रहे हैं, हर विकास खंड स्तर पर मिनी स्टेडियम और हर जिले में एक स्टेडियम बनाने का कार्य कर रहे हैं. अब उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है. जब विकास होता है, तो रोजगार का सृजन स्वत:स्फूर्त भाव से होता है.