मिर्जापुर. ड्रमंडगंज के बड़का घुमान मोड़ पर बुधवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने दो कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में दोनों कार में आग लग गई. जिसमें सवार 8 लोग जिंदा जल गए. इसमें दो बच्चे और दो महिला शामिल हैं. वहीं दूसरी कार में बैठे ड्राइवर को भी आग ने अपने चपेट में ले लिया. इसके अलावा ट्रक के खलासी की भी मौत हो गई है. दूसरी ओर ट्रक ड्राइवर गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है. भीषण सड़क हादसा हो गया. दुर्घटना को लेकर सीएम योगी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

योगी ने एक्स पर लिखा कि ‘जनपद मीरजापुर में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. संबंधित अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.’ सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की.

इसे भी पढ़ें : ‘नारी शक्ति वंदन’ सम्मेलन : कांग्रेस, सपा का इतिहास ही नारी विरोधी रहा है- योगी

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के मुताबिक मध्य प्रदेश की तरफ से मिर्जापुर की ओर एक ट्रेलर ट्रक आगे चल रहा था, जिसके पीछे स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो कारें थीं. तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने इन दोनों कारों को पीछे से टक्कर मार दी. जिससे कारें आगे चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ीं. जिससे ये भीषण हादसा हो गया.

हादसे के बाद से वाराणसी-रीवा (मध्यप्रदेश) हाईवे पर गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई. पुलिस और स्थानीय ग्रामीण ट्रैफिक क्लीयर कराने में लगे रहे. घटना को लेकर स्थानीय पुलिस ने अभी तक मृतकों की संख्या का कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है. फिलहाल सभी शवों की शिनाख्त की जा रही है.