लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस (Chhattisgarh State Foundation Day) पर छत्तीसगढ़ वासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है. उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश को समृद्ध परंपराओं से सुसज्जित, प्राकृतिक संपदाओं से परिपूर्ण बताया. साथ ही मां दंतेश्वरी से प्रदेश के लिए सुख समृद्धि की कामना की.

योगी ने एक्स पर लिखा कि भारतीय संस्कृति और लोक आस्था की समृद्ध परंपराओं से सुसज्जित, विपुल प्राकृतिक संपदा से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस की छत्तीसगढ़ वासियों को हार्दिक बधाई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर हो और प्रदेश का प्रत्येक नागरिक सुखी, समृद्ध और सशक्त हो, मां दंतेश्वरी से यही प्रार्थना है.

इसे भी पढ़ें : UP Weather Today : प्रदेश में खत्म हो रहा अर्नब का असर, कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश के आसार

बता दें कि छत्तीसगढ़ राज्य आज अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है. 1 नवंबर 2000 को मध्य प्रदेश से विभाजित होकर अस्तित्व में आए देश के इस 26वें राज्य में आज से तीन दिवसीय भव्य ‘छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026’ का शुभारंभ हो रहा है. नवा रायपुर (अटल नगर) में आयोजित हो रहे इस उत्सव की इस वर्ष की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है. छत्तीसगढ़ अपनी अनोखी प्राकृतिक खूबसूरती, समृद्ध जनजातीय धरोहर और असीम संभावनाओं के लिए पहचाना जाता है. ‘धान का कटोरा’ कहे जाने वाले इस प्रदेश की सबसे बड़ी खासियत इसका लगभग 42 फीसदी वन क्षेत्र है, जो इसे देश के सबसे हरे-भरे राज्यों में शुमार करता है. यहां बस्तर की सदियों पुरानी आदिम संस्कृति और ढोकरा आर्ट जैसी हस्तशिल्प कलाएं वैश्विक स्तर पर अपनी चमक बिखेर रही हैं.

पर्यटन के लिहाज से इसे ‘भारत का नियाग्रा’ कहे जाने वाले चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ के झरने और सिरपुर के ऐतिहासिक मंदिरों का वरदान प्राप्त है, जो देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. अपनी शांत वादियों, जैव विविधता से भरपूर राष्ट्रीय उद्यानों और ‘सबो ले बढ़िया छत्तीसगढ़िया’ की सहृदय भावना को समेटे यह राज्य विकास की नई गाथा लिख रहा है.