गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर महानगर के विकास को गति देते हुए 926 करोड़ से ज्यादा लागत की 226 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस अवसर पर प्रदेश में सुपोषण मिशन के द्वितीय फेज का शुभारंभ होने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए. यह ‘नए भारत’ का ‘नया उत्तर प्रदेश’ है, जो बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके, बिना झुके अपनी विरासत और आस्था का सम्मान करते हुए विकास, सुशासन और जनकल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है.

योगी ने अपने संबोधन में कहा 926 करोड़ से अधिक लागत की परियोजनाओं का शुभारंभ आज गोरखपुर महानगर में किया गया है. आज का दिन प्रदेश के लिए अत्यंत गौरवशाली और ऐतिहासिक है, क्योंकि आज हमने प्रदेश के सुपोषण मिशन के द्वितीय चरण के कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया है, जिसका लाभ प्रदेश के लगभग 2 करोड़ बच्चों को मिलने जा रहा है. सीएम ने इसके लिए सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और मंगलमय शुभकामनाएं दी.

इसे भी पढ़ें : औरंगजेब सहित ऐसे तमाम शासकों के म्यूजियम बनने चाहिए, जहां लोग रोज जाकर थूकें और जूते मारें- संगीत सोम

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज उत्तर प्रदेश में देश का सबसे अच्छा एक्सप्रेस-वे, रेलवे और मेट्रो का नेटवर्क है. इंटरस्टेट कनेक्टिविटी सुदृढ़ हुई है, नए पावर प्लांट स्थापित हो रहे हैं, उद्योगों का विस्तार हो रहा है. मॉडर्न टेक्नोलॉजी को प्रभावी ढंग से अपनाकर विकास को नई दिशा दी जा रही है. यह ‘नए भारत’ का ‘नया उत्तर प्रदेश’ है, जो बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके और बिना झुके विकास और विरासत की अपनी इस यात्रा को आगे बढ़ा रहा है.

प्रदेश में 70 हजार से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों में प्री-प्राइमरी और बाल वाटिका कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं. आज आंगनवाड़ी केंद्रों में लगभग 2 करोड़ बच्चे न केवल अनुपूरक पुष्टाहार प्राप्त कर रहे हैं, बल्कि उन्हें अक्षर ज्ञान और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण भी उपलब्ध कराया जा रहा है.