मेरठ. अपने बयानों से हमेशा चर्चा में रहने वाले भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने फिर एक बयान दिया है. उनकी ये टिप्पणी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है. उन्होंने कहा कि औरंगजेब सहित ऐसे तमाम शासकों के म्यूजियम बनने चाहिए, जहां लोग जाकर जूते मारें. इतना ही नहीं उन्होंने विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2027 में सपा दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी.

सोम ने कहा कि देश की जनता की पता होना चाहिए कि देश के सनातियों के साथ कितना जुर्म हुआ. देश के कितने मंदिर तोड़े गए, कितने आताताइयों ने यहां संघर्ष करने वालों पर अत्याचार किया. ऐसे लोगों के म्यूजियम बनना चाहिए और उनकी प्रतिमा पर रोज थूकें, रोज जूते मारें और अपने सौकड़ों सालों के प्रतिशोध को निकालने का काम करें.

इसे भी पढ़ें : राजा सुहेलदेव के लिए शौकत अली के बयान पर भड़के राजभर, कहा- वे अनपढ़, जाहिल, गंवार

अखिलेश यादव की बेटी पर टिप्पणी को लेकर संगीत सोम ने कहा कि बेटी किसी की भी हो, अखिलेश यादव जी की बेटी, वो भी हमारी बेटी है, बेटी पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए. ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं लावण में मुस्लमानों द्वारा उन पर पुष्पवर्षा करने को लेकर कहा कि जो भारत के सच्चे मुसलमान हैं वो हमसे प्यार करता है. लेकिन जो पाकिस्तान परस्त है वो कैसे प्यार करेगा साहब? वहीं 2027 के चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएंगे. वहीं भाजपा 350 सीटों के साथ उत्तर प्रदेश में आ रही है.