बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पाकिस्तान से विस्थापित परिवारों, पूर्व सैनिकों और पट्टेदारों को भूमि स्वामित्व अधिकार प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि पाकिस्तान की मजहबी कट्टरता ने निर्दोष हिंदुओं और सिखों का कत्लेआम किया था। आज चौथी पीढ़ी में ये अवसर आया है, जब हम इन सभी विस्थापित परिवारों को उनकी जमीन का मालिकाना अधिकार दे रहे हैं।

दशको बाद उन्हें न्याय नहीं मिला

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान से आए हुए जिन परिवारों की पुश्तैनी संपत्तियों पर कब्जा किया गया था, दशको बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिला। चौथी पीढ़ी में हमने उन विस्थापित परिवारों को उनकी जमीनों का मालिकाना हक दिया है। इनकी संख्या 1645 है यानी कुल मिलाकर 8 से 10 हजार लोगों को आज ये कागजात प्राप्त हो रहे हैं।

READ MORE: CM योगी ने मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, अभिभावकों को दी सलाह, कहा- बच्चों को रचनात्मक विकास वाले कार्यों से जोड़िए

मौलानाओं पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि मौलानाओं की आवाज पाकिस्तानी विस्थापितों पर कभी नहीं निकली। कांग्रेस और सपा ने भी कभी विस्थापित होकर आए हिंदुओं की बात नहीं की। ये मौलाना और मौलवी कभी पाकिस्तान या बांग्लादेश की सरकारों की निंदा नहीं करते। ये जुमे की नमाज तक में घोषणा नहीं करते हैं कि पाकिस्तान गंदा काम कर रहा है। करुणा और मानवता मनुष्यों के लिए होती है। ये खरदूषणों के लिए नहीं है।

योगी ने एक्स पर किया पोस्ट

मुख्यमंत्री योगी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि डबल इंजन सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान, पुनर्वास, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस क्रम में आज महात्मा विदुर की पावन नगरी जनपद बिजनौर में पाकिस्तान से विस्थापित 1,645 परिवारों तथा पूर्व सैनिकों/लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र का वितरण किया।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को आवंटन पत्र और चेक भी प्रदान किए गए। साथ ही, कॉमन सर्विस सेंटर तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ‘विदुर प्रेरणा कैफे’ का उद्घाटन भी हुआ। सभी लाभार्थियों को हार्दिक बधाई।