गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को योगीराज बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शामिल हुए. यहां उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी सम्मानित गुरुजनों एवं शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएं दी. साथ ही, महान शिक्षाविद, दार्शनिक और भारत के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की स्मृतियों को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की.
अपने संबोधन में योगी ने कहा कि कोई भी राष्ट्र तभी सशक्त और समर्थ हो सकता है, जब उस राष्ट्र की भावनाओं के अनुरूप शिक्षा और संस्कार वहां के बचपन और युवा पीढ़ी को प्राप्त हो रहे हों. यह कार्य यदि कोई कर सकता है, तो वह एक शिक्षक ही कर सकता है. स्वतंत्र भारत में जब आधुनिक शिक्षा को अपनी परंपरागत ज्ञान परंपरा के साथ जोड़ते हुए छात्रों के भविष्य को गढ़ने की बात आई, तो महान शिक्षाविद एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया.
इसे भी पढ़ें : शिक्षक दिवस पर CM योगी का बड़ा संदेश, बोले- ज्ञान और संस्कारों की धरती है उत्तर प्रदेश
योगी ने आगे कहा कि यह दिवस वास्तव में हर शिक्षक को भारत की इस विशिष्ट ज्ञान परंपरा से जुड़ने और गौरव की अनुभूति करने का अवसर प्रदान करता है. प्रदेश के 32,000 से ज्यादा विद्यालयों में Smart Class, 15,000 से ज्यादा विद्यालयों में ICT Lab, 1,129 विद्यालयों में Digital Library और 2,61,000 से ज्यादा शिक्षकों को Tablet उपलब्ध कराए गए हैं.



