मथुरा. देशभर में आज पूरे उत्साह के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव (Shri Krishna Janmashtami 2026) मनाई जा रही है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने देवी योगमाया और भगवान श्रीकृष्ण का दर्शन पूजन किया. सीएम ने मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर श्रीकृष्ण की आरती उतारी. साथ ही मंदिर परिसर में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की बधाई और शुभकामनाएं दी.

बता दें कि इससे पहले सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई दी थी. उन्होंने एक्स पर लिखा था कि ‘भक्ति, प्रेम और धर्म के शाश्वत आलोक, वासुदेव भगवान श्रीकृष्ण जी के पावन अवतरण दिवस ‘श्रीकृष्ण जन्माष्टमी’ की सभी प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं. भक्तवत्सल भगवान श्रीकृष्ण की असीम कृपा से सभी के जीवन में प्रेम, करुणा, धर्म एवं निष्काम कर्म के आदर्श प्रतिष्ठित हों तथा चराचर जगत में सुख, शांति, समृद्धि व लोकमंगल का विस्तार हो, यही प्रार्थना है.’

इसे भी पढ़ें : श्रीराम जन्मभूमि में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम, देशभर से मंगाए गए फूलों से सचा रामलला का दरबार, मध्यरात्रि होगा विशेष अनुष्ठान

गौरतलब है कि सीएम योगी मथुरा के बाद लखनऊ में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन में शामिल होंगे. शाम को वे लखनऊ पुलिस लाइन के आयोजन में शामिल होंगे. वहीं, देर रात मुख्यमंत्री गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाएंगे. वहीं देर रात सीएम योगी गोरखनाथ मंदिर गोरखपुर में होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह में गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में सम्मिलित होंगे.