मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को जनपद महराजगंज में 208 करोड़ से ज्यादा की लागत की 79 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए. इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और टूलकिट, लाभांश के चेक, ट्रैक्टर की चाबी समेत आयुष्मान कार्ड वितरित किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश की सबसे तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के मॉडल के रूप में स्थापित हुआ है. विकास की यह यात्रा बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके और बिना झुके निरंतर आगे बढ़ती रहेगी.

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने जब से कार्य करना प्रारंभ किया है, तब से जनपद महराजगंज में भी परिवर्तन देखने को मिला है. इंसेफेलाइटिस समाप्त हो चुका है, अब बच्चे काल-कवलित नहीं होते. अब यहां मेडिकल कॉलेज भी क्रियाशील है. उन्होंने आगे कहा कि विकास की पहली शर्त है अच्छी सड़कें हैं. गोरखपुर से सोनौली तक फोर-लेन मार्ग का निर्माण हो रहा है. जिस दूरी को तय करने में पहले दो घंटे लगते थे, उसे अब 45 से 50 मिनट में पूरा किया जा सकेगा.

इसे भी पढ़ें : ‘पहले प्रदेश में माफिया हावी रहते थे और…’, CM योगी का बड़ा बयान, कहा- एक वर्ग विशेष के लोग गौ-हत्या में संलिप्त रहते थे

सीएम योगी ने कहा कि अब कोई माफिया किसी गरीब की जमीन पर कब्जा नहीं कर सकता. कोई आपको धमकी नहीं दे सकता. बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने और गौ माता की हत्या करने का दुस्साहस अब कोई नहीं कर सकता. उन्होंने आगे कहा कि जब हम एक दिशा में सोचते हैं, एक साथ चलते हैं, एक साथ आगे बढ़ते हैं, तब दुनिया की कोई भी ताकत आपके प्रवाह को रोक नहीं सकती और आपके आगे बढ़ने के क्रम को बाधित नहीं कर सकती. मैं आश्वस्त करता हूं कि विकास की यह प्रक्रिया बिना रुके, बिना डिगे, बिना थके, बिना झुके अनवरत चलेगी.

योगी ने कहा कि आज देश में सबसे तेज अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ने वाला राज्य उत्तर प्रदेश है. सुरक्षा का मॉडल प्रस्तुत करने वाला राज्य भी उत्तर प्रदेश है. डबल इंजन सरकार ने वनटांगिया गांवों से जुड़े लोगों को उनका अधिकार देकर सम्मानजनक रूप से आगे बढ़ने के लिए जमीन का पट्टा भी उपलब्ध कराया है. साथ ही, उन्हें सभी प्रकार की सुविधाओं से आच्छादित किया है.