गोरखपुर. गोरखपुर प्रवास के तीसरे दिन रविवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन किया. मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो.
इसे भी पढ़ें- 2013 बैच की तेजतर्रार IAS दिव्या मित्तल ने दिया त्यागपत्र, सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट से हुआ खुलासा
जनता दर्शन के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर पहुंचे थे. लोग अपनी समस्याओं से जुड़े प्रार्थना पत्र लेकर मुख्यमंत्री से मिलने का इंतजार कर रहे थे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक-एक कर लोगों के पास पहुंचे और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
तहसील और थाना स्तर पर ही हो समस्याओं का समाधान
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की अधिकतर समस्याओं का समाधान तहसील और थाना स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने राजस्व से जुड़े मामलों को भी समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने को कहा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए
अतिक्रमण हटाकर महिला को दिलाया जाए रास्ता
गोंडा से पहुंची एक महिला ने राजस्व संबंधी समस्या बताते हुए लेखपाल और नायब तहसीलदार पर आरोप लगाए। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. वहीं, कुशीनगर से आई महिला ने रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत की. मुख्यमंत्री ने कमिश्नर को निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटवाकर महिला को रास्ता उपलब्ध कराया जाए और अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मदद का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे. मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि सरकार जरूरतमंदों की हरसंभव मदद करेगी. उन्होंने अधिकारियों को इलाज का इस्टीमेट तैयार करवाकर नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें- देहरादून जाने वाली यूपी रोडवेज बसों पर संकट! 26 टाइम स्लॉट मांगे, उत्तराखंड ने सिर्फ 5 पर दी हामी
बच्चों को दुलारा, चॉकलेट दी; गौशाला में गायों को खिलाया गुड़-रोटी
जनता दर्शन के दौरान महिलाओं के साथ पहुंचे बच्चों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट दी और उनकी पढ़ाई के बारे में भी पूछा. जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर की गौशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों को गुड़ और रोटी खिलाई. उन्होंने गायों को दुलारा और उनकी उचित देखभाल के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.


