लखनऊ. उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने रविवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा से त्यागपत्र दे दिया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबे पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी. वर्तमान में राजस्व विभाग में विशेष सचिव पद पर तैनात दिव्या इससे पहले देवरिया और मिर्जापुर की जिलाधिकारी रह चुकी हैं. अपने काम से उन्होंने जनता के बीच खासी लोकप्रियता हासिल की थी.

इसे भी पढ़ें- चित्रकूट में तबाही! 30 फीट ऊंची बाढ़ ने निगला पुल-दुकानें, यूपी के 27 जिलों में बारिश

IIT-IIM से लंदन तक का सफर, फिर देश सेवा का फैसला

दिव्या मित्तल ने लिखा, “आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए आईएएस से त्यागपत्र दे दिया है.” उन्होंने बताया कि साधारण परिवेश में पली-बढ़ी उन्होंने अच्छे जीवन का सपना देखा. दिन-रात मेहनत कर आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बैंगलोर से पढ़ाई की. इसके बाद लंदन में नौकरी लग गई. लेकिन सब कुछ पा लेने के बावजूद अधूरापन खलता था. देश की मिट्टी का कर्ज चुकाने के लिए वे लौटीं और आईएएस बनीं.

देवरिया और मिर्जापुर ने सिखाए जीवन के अनमोल सबक

उन्होंने आगे लिखा कि देवरिया ने सिखाया कि सही के साथ खड़ा होना विकल्प नहीं, कर्तव्य है. मिर्जापुर ने सिखाया कि ‘असंभव’ कोई तथ्य नहीं, बस एक राय है. मां विंध्यवासिनी के चरणों में बैठकर उन्होंने जाना कि शक्ति पद से नहीं, कृपा और लोगों के विश्वास से आती है. उन्होंने कहा कि अपने लिए देखे सपने पूरे हो चुके थे, अब लोगों के सपनों को जीना था.

लहुरियादह की बूढ़ी अम्मा का आशीर्वाद नहीं भूलेंगी

दिव्या मित्तल ने विशेष रूप से मिर्जापुर के हलिया ब्लॉक के लहुरियादह गांव का जिक्र किया, जहां उन्होंने आजादी के 75 साल बाद पहली बार पानी पहुंचाया था. उन्होंने लिखा कि उस गांव की वृद्ध मां ने कांपते हाथों से उनका सिर छूकर आशीर्वाद दिया था. पद तो छूट गया, लेकिन वह स्पर्श जीवन भर नहीं छूटेगा.

‘देने आई थी, लेकिन सबसे ज्यादा पाया’

उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वे मूर्ख थीं जो सोचती थीं कुछ देने आई हैं. सच यह है कि सबसे ज्यादा उन्होंने ही पाया. लोगों का प्यार, सम्मान और अपनापन मिला. साथियों और कर्मचारियों का भी बड़ा योगदान रहा. आंखों में नम आंसू के साथ उन्होंने आभार जताया.

इसे भी पढ़ें- दवा का नशा चढ़ा तो प्रेमी बन गया हैवान! दोबारा संबंध नहीं बनाने पर गर्लफ्रेंड की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

पति भी आईएएस, हाल ही में किताब भी आई

गौरतलब है कि दिव्या मित्तल के पति गगनदीप भी आईएएस अधिकारी हैं. दोनों लंदन से लौटकर साथ में यूपीएससी की तैयारी कर सफल हुए थे. दिव्या अपनी तेजतर्रार कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं. सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली दिव्या की हाल ही में पहली किताब भी बाजार में आई है. उनके त्यागपत्र से प्रशासनिक हलकों में चर्चा छिड़ी हुई है.