सतीश सिंह, लखनऊ. मुख्यमंत्री आवास पर सोमवार को योगी आदित्यनाथ के समक्ष फरियाद लेकर पहुंची पूनम देवी की गौ पालन इच्छा जानकर मुख्यमंत्री ने तुरंत पूरी करने का निर्देश दिया. सीतापुर के गुरुदेव नगर हरगांव की रहने वाली पूनम देवी ने मुख्यमंत्री से निराश्रित गाय उपलब्ध कराने की प्रार्थना की. उन्होंने बताया कि वे गोपालन कर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं.

पूनम देवी ने अपने प्रार्थना पत्र में लिखा कि उनके पास पहले से पांच गाय हैं और अन्य गोमाता रखने के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध है. वे अतिरिक्त गाय लेकर दूध आदि की बिक्री से परिवार को समृद्ध करना चाहती हैं. मुख्यमंत्री ने तुरंत अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को निर्देश दिया कि उन्हें निराश्रित गाय उपलब्ध कराई जाए और नियमानुसार योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाए. मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोवंश की देखभाल के लिए आर्थिक सहायता दिलाने के भी निर्देश दिए गए.

इसे भी पढ़ें : योगी के निशाने पर राहुल : रायबरेली में कहा- देश को आपसे अपेक्षा नहीं पर, नेता प्रतिपक्ष के रूप में जवाबदेही जरूरी

मुख्यमंत्री ने पूनम देवी का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि मन से गोसेवा करो, सारी बाधाएं और कष्ट दूर होंगे. गोमाता में 33 कोटि देवताओं का वास होता है. पूनम देवी ने श्रावण मास में अपनी इच्छा पूरी होने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया. जनता दर्शन में एक दिव्यांग व्यक्ति ने अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की. मुख्यमंत्री ने तुरंत जांच कराकर यथासंभव मदद करने और कब्जा हटाने का निर्देश दिया. जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक-एक कर आए लोगों का हालचाल पूछा और उनकी समस्याएं सुनीं. उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए आवेदकों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के भी निर्देश दिए.