CM Yogi Janta Darshan, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

जनता दर्शन के दौरान अवैध कब्जे और धमकी से जुड़े कई मामले मुख्यमंत्री के सामने आए. शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि दबंगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर रखा है और विरोध करने पर धमकी दी जा रही है. इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे और अपराध से जुड़े मामलों की विवेचना में तेजी लाई जाए ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके.
इसे भी पढ़ें : बलिया बवाल : सपा राज की गुंडागर्दी और जातीय हिंसा को नहीं भूली जनता- ओपी राजभर
इस दौरान गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा से जुड़े एक बिल्डर के खिलाफ भी बड़ी शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंची. पीड़ितों ने आरोप लगाया कि बिल्डर ने एक ही फ्लैट की रजिस्ट्री कई लोगों के नाम कर दी है. मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए और कहा कि यदि बिल्डर दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का निस्तारण संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ किया जाए. उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता हर पीड़ित को समयबद्ध न्याय दिलाना और कानून का राज स्थापित करना है.

