गोरखपुर. उत्तर प्रदेश में आज पर्यावरण संरक्षण के इतिहास का सबसे बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ करेंगे. योगी सरकार ने इस बार पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है. सीएम योगी ने एक्स पर लिखा है कि वृक्षारोपण ईश्वरीय कार्य है. यह सृष्टि की सेवा, मानवता की उपासना और भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है.
सीएम ने आगे लिखा कि ‘इसी पावन भावना के साथ आज शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की तपोभूमि गोरखपुर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ होगा. 26 राजकीय विभागों के समन्वित प्रयासों से एक ही दिन में 35 करोड़ पौधरोपण का यह ऐतिहासिक अभियान पवित्र त्रिवेणी के रोपण, विकास वाटिका की स्थापना, किसानों को कार्बन क्रेडिट प्रमाण-पत्र वितरण और मौलश्री के पौधरोपण जैसे आयोजनों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण को जनभागीदारी का विराट उत्सव बनाएगा. आइए, ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर हरित, समृद्ध और विकसित उत्तर प्रदेश के इस ‘जन-महायज्ञ’ का हिस्सा बनें.’
इसे भी पढ़ें : UP Weather Today : प्रदेश के 40 जिलों में जमकर बरसेंगे बादल, मौसम विभाग का अलर्ट
मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस अभियान को जनसहभागिता का उत्सव बनाया गया है. इसी के तहत उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य झांसी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधरोपण करेंगे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी लखनऊ में इस अभियान में भाग लेंगे. इसके अलावा जयंत चौधरी बागपत, जितिन प्रसाद पीलीभीत, अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर, एसपी सिंह बघेल आगरा, कीर्तिवर्धन सिंह गोंडा, बीएल वर्मा बदायूं और कमलेश पासवान देवरिया में पौधरोपण करेंगे.

