सहारनपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सहारनपुर दौरे पर रहेंगे. यहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. योगी इस्माइलपुर में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ करेंगे. इसके बाद महाराज सिंह डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री योगी जनसभा को संबोधित करेंगे. साथ ही विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. कार्यक्रम के मुताबिक सीएम योगी 12.55 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे. सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ वे बैठक करेंगे. जिसमें वे PWD की योजनाओं की समीक्षा करेंगे.
सीएम योगी ने एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा कि ‘आदिशक्ति मां शाकुम्भरी देवी की कृपा से अभिसिंचित जनपद सहारनपुर से आज शिक्षा, संस्कार और विकास के नए अध्याय का शुभारंभ होगा. राज्यव्यापी ‘स्कूल चलो अभियान-2026’ के द्वितीय चरण के शुभारंभ के साथ नन्हें विद्यार्थियों को पाठ्य-पुस्तकें, स्कूल बैग और स्टेशनरी वितरित की जाएंगी, जनपद के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का सम्मान किया जाएगा. साथ ही, 613 करोड़ से ज्यादा लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे. शिक्षा और विकास की ये पहलें शिक्षित, समृद्ध और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई गति देंगी’.
इसे भी पढ़ें : UP Weather Today : प्रदेश में मानसून की एंट्री, 30 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट
बता दें कि मंगलवार को सीएम योगी रामपुर दौरे पर थे. यहां उन्होंने क्षेत्र को करोड़ों की सौगात दी. पौराणिक स्थलों और सनातन संस्कृति की पुण्यधरा जनपद रामपुर के मिलक और बिलासपुर विधान सभा क्षेत्रों में 690 करोड़ से ज्यादा की लागत की 102 लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया. इस अवसर पर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को चेक और प्रशस्ति-पत्र, ‘मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना’ के लाभार्थियों को लैपटॉप, ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना’ के लाभार्थियों को अनुदान राशि और ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए. साथ ही, प्रदेश के विकास में विशेष योगदान देने वाले व्यापारियों को सम्मानित भी किया गया.

