गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर में 295 करोड़ से ज्यादा लागत की 319 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के सतत प्रयासों से गोरखपुर विकास और निवेश का नया केंद्र बन रहा है. आज युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं की सौगात के साथ हम यहां बार-बार आएंगे, क्योंकि आजमगढ़ को और ज्यादा समृद्ध बनाना है. हम विकास भी करेंगे, सुरक्षा भी देंगे, आस्था का सम्मान भी करेंगे और चिल्लूपार को समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक लेकर जाएंगे. आज यहां उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय नौजवानों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे. साथ ही, यहां ऐसे संस्थान भी स्थापित किए जाएंगे, जहां युवाओं को उद्योगों के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : शौकत अली के बयान पर भड़के राजभर, औवेसी को कहा- अपने सिपहसालार को समझा दीजिएगा कि अपनी हैसियत…
सीएम योगी ने आगे कहा कि हम लोगों ने धुरियापार में CBG प्लांट स्थापित किया है. अब यहां ग्रेटर गीडा का विकास किया जा रहा है. इसके अंतर्गत सीमेंट फैक्ट्री, पावर प्लांट और अन्य उद्योग स्थापित होने जा रहे हैं. इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. चिल्लूपार ट्रेडिशनल मेडिसिन के एक नए केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है. हम यहां ऐसे इंस्टीट्यूशंस खोलेंगे, जहां उद्योग आधारित ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे नौजवानों को यहीं नौकरी भी मिलेगी.

