ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) यूपी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने महराजा सुहेलदेव को लेकर फिर एक बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ‘मैं राजा सुहेलदेव को राजा मानता ही नहीं हूं.’ इस बयान को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने उन पर और उनकी पार्टी पर निशाना साधा है. राजभर ने औवेसी को संबोधित करते हुए कहा कि अपने सिपहसालार को समझा दीजिएगा कि वह अपनी हैसियत और व्यक्तित्व के अनुरूप भाषा का प्रयोग करें.
राजभर ने एक्स पर लिखा कि ‘असद्दुदीन औवैसी साहब, अब जब आप उत्तर प्रदेश आ ही रहे हैं तो अपनी हैदराबादी बैरिस्टरी का थोड़ा-बहुत ज्ञान अपने सिपहसालार को भी अवश्य दे दीजिएगा. बहराइच में सैयद सालार मसूद गाजी की मजार पर श्रद्धा व्यक्त करने से पहले उन्हें यह भी याद दिला दीजिएगा कि यही वह भूमि है जहा. चक्रवर्ती सम्राट महाराजा सुहेलदेव राजभर जी ने विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध संघर्ष कर भारत की अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा की थी.’
इसे भी पढ़ें : AIMIM ने फिर बढ़ाया ‘हाथी’ की ओर हाथ : पार्टी ने फिर रखा गठबंधन का प्रस्ताव, औवेसी की रैली से पहले मिला ऑफर
राजभर ने आगे लिखा कि ‘अपने सिपहसालार को समझा दीजिएगा कि वह अपनी हैसियत और व्यक्तित्व के अनुरूप भाषा का प्रयोग करें. अनावश्यक उग्रता और अहंकार का प्रदर्शन इतिहास के पन्नों में कभी सम्मान नहीं दिलाता. इतिहास साक्षी है कि जब चक्रवर्ती सम्राट महाराजा सुहेलदेव राजभर जी के नेतृत्व में इस धरती के वीरों ने विदेशी आक्रमणकारियों के विरुद्ध शस्त्र उठाए थे, तब आक्रांताओं के अभिमान को भी धराशायी होना पड़ा था. इसलिए आप भी स्मरण रखिए और अपने साथी को भी संकेत दे दीजिए कि उत्तर प्रदेश की धरती अपने नायकों, अपने इतिहास और अपने स्वाभिमान का सम्मान करना जानती है.’

