लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को हजरतगंज स्थित क्षेत्रीय गांधी आश्रम में महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए. जहां उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया. इस दौरान उन्होंने बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चरखा चलाया और खादी का वस्त्र खरीदकर स्वदेशी एवं स्वावलंबन के संकल्प को मजबूती दी. उन्होंने स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को प्रोत्साहित करने की दिशा में खादी के महत्व को भी रेखांकित किया.

सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत आज पूज्य बापू के सपनों को साकार करते हुए निरंतर आगे बढ़ रहा है. माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वच्छ भारत अभियान का शुभारंभ हुआ. आज यह अभियान केवल स्वच्छता और स्वस्थ भारत की आधारशिला ही नहीं बन रहा, बल्कि प्रत्येक भारतीय को नारी गरिमा की रक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बना है. भारत की स्वाधीनता का आंदोलन जब पूज्य बापू के हाथों में आया, तब उन्होंने लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से इस आंदोलन को नेतृत्व प्रदान किया और भारत की स्वाधीनता के लिए इसे एक व्यापक जन-आंदोलन में बदलने का कार्य किया.

इसे भी पढ़ें : PCC चीफ के बदले कुछ बड़ा मिलने वाला है? राहुल गांधी ने अजय राय को दिया भरोसा, कहा- मैं आपके साथ हूं…

सीएम ने आगे कहा कि हर नागरिक स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाए, स्वदेशी को अपने जीवन का मंत्र बनाए और हर परिवार आत्मनिर्भर बनकर स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़े. इसके लिए पूज्य बापू ने उस समय जो संदेश दिए थे, वे आज भी हमारे लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का कार्य कर रहे हैं. आज बापू की 157वीं पावन जयंती है. इस अवसर पर कृतज्ञ राष्ट्र महात्मा गांधी जी की स्मृतियों को नमन करते हुए उन्हें अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है.

वहीं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए सीएम योगी ने समस्त प्रदेशवासियों की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की. उत्तर प्रदेश सरकार ने गांधी जयंती के पावन अवसर पर खादी के वस्त्रों पर 30 जनवरी, 2027 तक 25 प्रतिशत की विशेष छूट की व्यवस्था की है. खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि भारत की स्वाधीनता, स्वावलंबन और स्वदेशी का प्रतीक है. मैं प्रदेशवासियों से अपील करूंगा कि खादी को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों एवं बुनकरों के हुनर को सम्मान दें.

इसे भी पढ़ें : बसपा में फिर बनेगी बात, बुआ का मिलेगा साथ! आकाश आनंद ने पार्टी से बाहर निकाले जाने पर तोड़ी चुप्पी, मायावती को बता दिया आगे का प्लान

योगी ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का नाम आते ही हर भारतीय के मन में श्रद्धा का भाव जागृत हो उठता है. उनका अमर नारा ‘जय जवान, जय किसान’, स्वाधीन भारत के लिए राष्ट्रनिर्माण का एक प्रेरणादायी मंत्र बना. आज उसी का परिणाम है कि भारत ने खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त किया है. भारत न केवल अपने 140 करोड़ भारतीयों के लिए पर्याप्त खाद्यान्न का उत्पादन कर रहा है, बल्कि दुनिया के अनेक देशों की खाद्य आवश्यकताओं की पूर्ति करने की सामर्थ्य भी रखता है.