अजयारविंद नामदेव, शहडोल। स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने और अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लेने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में शहडोल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने सिविल अस्पताल ब्यौहारी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने के साथ भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. राजेश मिश्रा ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनसे उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया कि उन्हें अस्पताल में किस तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। साथ ही अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक मरीज को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति गंभीरता बरतने और अस्पताल आने वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें: मिशन कर्मयोगी में MP के कर्मचारी पिछड़े! 9 लाख में 2% भी नहीं कर रहे ट्रेनिंग, कलेक्टर्स को मिली जिम्मेदारी
सीएमएचओ ने अस्पताल के ओपीडी कक्ष का निरीक्षण किया। इसके साथ ही चिकित्सकों की उपलब्धता, अस्पताल में मौजूद संसाधनों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में खंड चिकित्सा अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेना और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना रहा। सिविल अस्पताल ब्यौहारी के निरीक्षण के दौरान मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशांत सिंह, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक विवेक पांडे समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

