कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने रविवार को दावा किया कि उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट का कंट्रोल वापस हासिल कर लिया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर लिखा, “हम वापस आ गए हैं, तुम भूल गए थे कि हम जिंदा रहने के लिए क्या कर सकते हैं।” पोस्ट के साथ उन्होंने कॉकरोच की इमेज भी शेयर की। इससे पहले शनिवार को उन्होंने दावा किया था कि उनकी पार्टी और पर्सनल अकाउंट को हैक किया गया है।

इसके साथ ही, दीपके ने रविवार को X पर फॉलोअर्स डेटा शेयर कर बताया कि उनके 94% से ज्यादा फॉलोअर्स भारत से हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू से सवाल किया कि भारतीय युवाओं को पाकिस्तानी क्यों कहा जा रहा है। दरअसल, रिजिजू ने X पर बिना किसी का नाम लिखे पोस्ट कर लिखा था कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस गिरोह से फॉलोअर्स जुटाते हैं, जबकि भारत में ही पर्याप्त युवा मौजूद हैं। भारत-विरोधी गिरोह से मदद लेने की कोई जरूरत नहीं है।

CJP की वेबसाइट अभी भी बंद

गौरतलब है कि, शनिवार को अभिजीत ने बताया था कि उनकी पार्टी की वेबसाइट बंद कर दी गई है। दीपके ने दोपहर 1.14 बजे X पर कहा था- सरकार ने हमारी वेबसाइट बंद कर दी है। उस पर 10 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। 6 लाख लोगों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली याचिका पर साइन किए थे। हालांकि यह वेबसाइट अभी बंद है। इसे खोलने पर ‘दिस साइट कान्ट बी रीच्ड’ का मैसेज फ्लैश हो रहा है।

CJP के इंस्टाग्राम पर फॉलोअर्स 2.27 करोड़ हुए

अकाउंट के हैक होने के बाद भी इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोअर्स लगातार बढ़े। रविवार दोपहर तक यह आंकड़ा 2.27 करोड़ पहुंच गया है। वहीं X पर फाउंडर अभिजीत के ही अकेले 2.18 लाख से ज्यादा फॉलोअर हो गए हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m