रोहित कश्यप, मुंगेली। बिलासपुर संभागायुक्त सुनील कुमार जैन का एक दिवसीय मुंगेली दौरा प्रशासनिक सख्ती, जनसंवाद और विकास कार्यों की जमीनी समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण रहा। इस दौरान उन्होंने जिला कलेक्टोरेट में लंबी समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों की जवाबदेही तय की, सड़क निर्माण में लापरवाही पर इंजीनियर को फटकार लगाई, खेतों में पहुंचकर किसानों से खेती-किसानी की जानकारी ली। स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र और डिजिटल सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया, मेधावी विद्यार्थियों व उत्कृष्ट अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पूरे प्रवास के दौरान कलेक्टर कुंदन कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे।

सड़क निर्माण में सुस्ती पर कड़ी नाराजगी, लगाई फटकार
मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में संभागायुक्त ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, प्रधानमंत्री आवास योजना, एग्रीस्टैक, पीएम किसान सम्मान निधि, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल जीवन मिशन, बिजली, ई-ऑफिस, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम जनमन, डिजिटल फसल सर्वे, स्वामित्व योजना, एफआरए, राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान बिलासपुर-मुंगेली एवं तखतपुर सड़क निर्माण की धीमी प्रगति पर उन्होंने संबंधित इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाई और अधूरी तथा क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण, खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान, पात्र हितग्राहियों को ही प्रधानमंत्री आवास का लाभ देने, एग्रीस्टैक एवं किसान पंजीयन शत-प्रतिशत पूरा करने और सभी योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
खेतों में पहुंचे, किसानों से जानी खेती-किसानी की असल तस्वीर
समीक्षा बैठक के बाद संभागायुक्त और कलेक्टर सीधे गीधा बायपास क्षेत्र के खेतों में पहुंचे, जहां किसान धान रोपाई में जुटे थे। दोनों अधिकारियों ने खेतों में उतरकर किसानों से खाद-बीज की उपलब्धता, सिंचाई व्यवस्था, धान रोपाई की प्रगति और खरीफ सीजन की तैयारियों की जानकारी ली।

किसानों ने बताया कि समय पर खाद और कृषि आदान उपलब्ध होने से इस वर्ष रोपाई सुचारू रूप से चल रही है। संभागायुक्त ने वैज्ञानिक खेती, जल संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह देते हुए कृषि विभाग को किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से हरित मुंगेली का संदेश
गीधा बायपास पर संभागायुक्त सुनील कुमार जैन, कलेक्टर कुंदन कुमार और वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान अमलतास के पौधे लगाए गए। संभागायुक्त ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है।

कलेक्टर ने बताया कि गीधा बायपास पर लगाए जा रहे अमलतास के पौधे भविष्य में पूरे मार्ग को सुनहरे फूलों से सजा देंगे और यह क्षेत्र हरित मुंगेली की नई पहचान बनेगा। कार्यक्रम में वन विभाग, जिला प्रशासन के अधिकारी,जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संस्थाओं और स्कूली बच्चों ने भी पौधारोपण कर संरक्षण का संकल्प लिया।
आंगनबाड़ी, स्कूल और अस्पताल पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं
संभागायुक्त ने ग्राम छतौना स्थित आंगनबाड़ी, बालवाड़ी और प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट और उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा गर्भवती और शिशुवती माताओं को सुपोषण टोकरी वितरित की। कुपोषण की स्थिति, टीकाकरण, आयरन सप्लीमेंट और बच्चों के स्वास्थ्य की समीक्षा करते हुए गंभीर कुपोषित बच्चों की विशेष निगरानी के निर्देश दिए।

प्राथमिक विद्यालय में उन्होंने बच्चों से महात्मा गांधी, रानी लक्ष्मीबाई सहित ऐतिहासिक महापुरुषों के बारे में सवाल पूछकर शिक्षा की गुणवत्ता परखी तथा खेल आधारित शिक्षण प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।इसके बाद दशरंगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पंजीयन कक्ष, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी, प्रसव कक्ष, महिला वार्ड और टीकाकरण कक्ष का जायजा लिया।
बरसात को देखते हुए सर्पदंश उपचार के लिए एंटीवेनम सहित आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और अस्पताल भवन की मरम्मत के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण कर उन्होंने स्वच्छ और हरित वातावरण का संदेश भी दिया।
डिजिटल सेवाओं की जमीनी हकीकत भी परखी
करही स्थित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र और सेवा-सेतु केंद्र पहुंचकर संभागायुक्त ने ऑनलाइन सेवाओं की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। उन्होंने हितग्राहियों से बातचीत कर सेवाओं की गुणवत्ता जानी और ऑनलाइन भुगतान प्रक्रिया का निरीक्षण किया। बाद में कलेक्टोरेट स्थित सेवा-सेतु केंद्र में उन्होंने हितग्राहियों को विवाह प्रमाण पत्र और राशन कार्ड प्रदान करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नागरिकों को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मेधावियों, राजस्व और पुलिस कर्मियों का किया सम्मान
अपने प्रवास के दौरान संभागायुक्त ने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मिशन-90 प्लस अभियान के तहत राज्य मेरिट में स्थान बनाने वाले विद्यार्थियों, उत्कृष्ट परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों, राजस्व निरीक्षकों, पटवारियों, कोटवारों तथा पुलिस विभाग के उत्कृष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सम्मान उपलब्धि के साथ नई जिम्मेदारी भी देता है और उत्कृष्ट कार्य समाज के लिए प्रेरणा बनते हैं।
कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि मिशन-90 प्लस की सफलता सुनियोजित रणनीति, सतत मॉनिटरिंग और सभी विभागों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा पालकों से विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
जनसरोकार और जवाबदेही का स्पष्ट संदेश
अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान संभागायुक्त सुनील कुमार जैन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं होगी। सड़क निर्माण से लेकर खेत, स्कूल, आंगनबाड़ी, अस्पताल, डिजिटल सेवा केंद्र, पर्यावरण संरक्षण और प्रशासनिक योजनाओं तक हर व्यवस्था की जमीनी निगरानी करते हुए उन्होंने अधिकारियों को जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए। वहीं किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं, हितग्राहियों और आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उन्होंने जनकेंद्रित प्रशासन की कार्यशैली को भी मजबूत संदेश दिया।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


