Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। रविवार को स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित होने वाली क्लोजिंग सेरेमनी के साथ खेलों का औपचारिक समापन होगा। यह समारोह भारत के लिए भी बेहद खास रहने वाला है, क्योंकि इसी दौरान 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का प्रतीक किंग्स बैटन और कॉमनवेल्थ गेम्स का ध्वज आधिकारिक रूप से अहमदाबाद को सौंपा जाएगा। इस ऐतिहासिक मौके पर दुनिया के सामने भारत की संस्कृति, परंपरा और आधुनिकता की झलक भी पेश की जाएगी।

अहमदाबाद 2030 की होगी औपचारिक शुरुआत

समापन समारोह में ग्लास्गो से अहमदाबाद को मेजबानी का बैटन और ध्वज सौंपा जाएगा। इसके साथ ही भारत आधिकारिक रूप से 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारियों की शुरुआत करेगा। वर्ष 2030 का संस्करण कई मायनों में ऐतिहासिक होगा, क्योंकि इसी साल कॉमनवेल्थ गेम्स के 100 वर्ष पूरे होंगे। पहला कॉमनवेल्थ गेम्स 1930 में कनाडा के हैमिल्टन में आयोजित किया गया था।

भारतीय संस्कृति की दिखेगी झलक

क्लोजिंग सेरेमनी में भारत की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे। वहीं, गुजरात की संस्कृति और परंपराओं पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम के जरिए दुनिया को भारत की विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि से रूबरू कराया जाएगा।

इसके अलावा भारतीय सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और स्कॉटलैंड के मशहूर बैगपाइप कलाकार रॉस ऐंसली की अनोखी जुगलबंदी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी करेंगे प्रस्तुति

समारोह में कई अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। स्कॉटलैंड के प्रसिद्ध रॉक बैंड सिंपल माइंड्स अपने लोकप्रिय गीतों से समां बांधेंगे। इनके अलावा BEMZ, कैमी बार्न्स, सैंडी थॉम और ऑस्ट्रेलियाई गायिका डेल्टा गुड्रेम भी दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

भारत में कब और कहां देखें लाइव?

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी 2 अगस्त को ग्लास्गो के OVO हाइड्रो एरीना में आयोजित होगी। करीब 13 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस इंडोर एरीना में यह भव्य कार्यक्रम स्थानीय समयानुसार रात 9 बजे शुरू होगा। भारतीय समयानुसार इसका सीधा प्रसारण 3 अगस्त की रात 1:30 बजे से होगा।

दर्शक क्लोजिंग सेरेमनी का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और डीडी फ्री डिश पर देख सकेंगे। वहीं, इसकी लाइव स्ट्रीमिंग Sony LIV ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।

39 पदकों के साथ भारत का दमदार प्रदर्शन

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कई अनुभवी खिलाड़ियों ने उम्मीद के मुताबिक पदक जीते, वहीं युवा खिलाड़ियों ने भी अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा।

इस बार भारत ने पहली बार जूडो में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। भाला फेंक स्पर्धा में स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा के साथ यश वीर सिंह ने भी पदक अपने नाम किया।

सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन भारतीय मुक्केबाजों का रहा, जिन्होंने 7 स्वर्ण और 3 रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। वहीं, ट्रैक एंड फील्ड में गुलवीर सिंह ने इतिहास रचते हुए एक ही कॉमनवेल्थ गेम्स में दो अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बनने का गौरव हासिल किया।

1 अगस्त की समाप्ति तक भारत 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर है। अब आज अंतिम दिन भारतीय दल इस आंकड़े को और बेहतर करने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H