CJP Protest Delhi: कथित नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का ‘चलो संसद’ मार्च सोमवार को पार्लियामेंट स्ट्रीट पहुंचा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि वह और संगठन के प्रतिनिधि आशुतोष रांका केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुबह सरकार की ओर से बातचीत के लिए संपर्क किया गया था। सौरव दास ने बताया, “11:52 बजे मैं और आशुतोष रांका केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिलने जा रहे हैं। हमारी मांगें पूरी तरह स्पष्ट हैं। बड़ी संख्या में युवा इस आंदोलन में शामिल हुए हैं।”
मौके पर मौजूद जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारी जैसे ही पार्लियामेंट स्ट्रीट पहुंचे, वहां पहले से तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी बीच, बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी राजीव चौक मेट्रो स्टेशन परिसर में पहुंच गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, इस घटना और इसकी परिस्थितियों को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत के साथ ही सोमवार को राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व स्तर पर कड़ी कर दी गई है। जंतर-मंतर से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। पुलिस के अनुसार, राजधानी के हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संसद भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक और अन्य प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और अन्य सुरक्षा इकाइयों को भी तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में प्रवेश को सख्ती से नियंत्रित किया गया है। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है, वाहनों और लोगों की गहन जांच की जा रही है तथा सरकारी प्रतिष्ठानों के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है।
सोनम वांगचुक ने सफदरजंग अस्पताल प्रशासन को लिखा पत्र
सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘संसद चलो’ मार्च में शामिल होने के लिए अस्पताल प्रशासन से अनुमति मांगी है। उन्होंने सोमवार को अस्पताल के निदेशक/मेडिकल सुपरिटेंडेंट को पत्र लिखकर कुछ समय के लिए अस्पताल छोड़ने की अनुमति देने का अनुरोध किया। अपने पत्र में वांगचुक ने लिखा कि वह स्वयं को पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं और उनकी स्वास्थ्य संबंधी जांच के अधिकांश मानक सामान्य दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी आधार पर उन्हें कुछ समय के लिए अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति दी जाए, ताकि वह संसद तक निकाले जा रहे ‘संसद चलो’ मार्च में शामिल हो सकें।
पत्र में उन्होंने लिखा, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आज मैं काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं और मेरे हेल्थ पैरामीटर्स भी काफी सामान्य दिख रहे हैं। इसलिए मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया मुझे कुछ समय के लिए अस्पताल छोड़ने की अनुमति दें, ताकि मैं आज पार्लियामेंट तक होने वाले ‘संसद चलो’ मार्च में शामिल हो सकूं। इसके लिए मैं आपका आभारी रहूंगा।”
CJP की प्रदर्शनकारियों से अपील
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान अपने समर्थकों और प्रदर्शनकारियों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की है। संगठन ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था भंग न होने दें और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखें। सीजेपी ने सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में लिखा, “आप जहां भी हैं, कृपया शांत रहें। कई मेट्रो स्टेशन बंद होने के कारण पुलिस आप में से कुछ लोगों के लिए मुश्किलें पैदा कर रही है। अगर आपको कहीं पर रोका भी जाए, तो भी शांत रहें और संयम बनाए रखें। हम शांति और प्यार से ही जीतेंगे। जय हिंद!”
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


