​पटना। कांग्रेस पार्टी देश के युवाओं और छात्रों की समस्याओं को मुख्यधारा की राजनीति में लाने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। आज से पार्टी अपने राष्ट्रव्यापी अभियान छात्रों की गूंज की शुरुआत कर रही है। यह 40 दिनों तक चलने वाला एक व्यापक अभियान है, जिसके तहत देश के 28 प्रमुख शहरों में कांग्रेस नेता, छात्र, अभ्यर्थी, कोचिंग हब, कॉलेज कैंपस और पुस्तकालयों तक पहुंचकर युवाओं से संवाद करेंगे।

​पटना में विशेष तैयारी

​इस अभियान के तहत पटना में सघन कार्यक्रम तय किए गए हैं। पार्टी के प्रतिनिधि पटना विश्वविद्यालय, मुसल्लहपुर हाट के प्रमुख कोचिंग संस्थानों, एससी-एसटी छात्रावासों, बोरिंग रोड और कंकड़बाग के शैक्षणिक केंद्रों में जाकर छात्रों से मिलेंगे। कांग्रेस का लक्ष्य छात्रों को यह संदेश देना है कि उनकी लड़ाई केवल उनकी व्यक्तिगत नहीं बल्कि एक सामूहिक संघर्ष है जिसमें उन्हें आगे आकर अपनी बात रखनी चाहिए।

​कन्हैया कुमार: यह लाखों युवाओं का दर्द है

​इस अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए पटना के गांधी संग्रहालय में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और एनएसयूआई (NSUI) के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए कन्हैया कुमार ने स्पष्ट किया कि छात्रों की गूंज कोई साधारण राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है बल्कि यह देश के उन लाखों युवाओं की आवाज है जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अपना कीमती समय और धन लगा रहे हैं।
​कन्हैया ने चिंता जताते हुए कहा कि, देश की शीर्ष पांच प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में छात्र जितना खर्च करते हैं वह राशि कई मंत्रालयों के बजट से भी अधिक हो सकती है। इसके बावजूद उन्हें सफलता नहीं मिल रही है। उन्होंने इसे छात्रों और उनके परिवारों के संघर्ष को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाने की एक कोशिश बताया।

​सरकार पर तीखा हमला: पेपर लीक की सरकार

​बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मौजूदा शिक्षा व्यवस्था और केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए। पटना महानगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार आशीष ने भाजपा सरकार को पेपर लीक की सरकार करार दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक और धांधली के बावजूद सरकार की जवाबदेही शून्य है। न तो शिक्षा मंत्री की जिम्मेदारी तय हो रही है और न ही युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कोई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
​एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष जयशंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार से लेकर पूरे देश तक, सरकार निष्पक्ष परीक्षा कराने में पूरी तरह विफल रही है। राहुल गांधी द्वारा पूर्व में पटना के गर्दनीबाग में छात्रों के साथ किए गए वादे और कोटा में शिक्षा प्रणाली को रिजेक्शन सिस्टम बताने का जिक्र करते हुए नेताओं ने दोहराया कि कांग्रेस छात्रों के न्याय के लिए हर मोर्चे पर संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध है।