शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं इसे लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एपस्टीन फाइल का जिक्र करते हुए तीखा हमला बोला है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने ‘एपस्टीन फाइल’ के संदर्भ में नैतिकता और महिला सुरक्षा के दावों पर घेरा। उन्होंने मध्यप्रदेश से दलित, आदिवासी या ओबीसी नेता को मौका नहीं देने पर सवाल उठाए। सिंघार ने बड़े नेताओं को प्राथमिकता देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, लाड़ली बहना की बात करते हो, लेकिन आज ऐसे व्यक्ति जिसका नाम एपस्टीन फाइल में आया, यह बड़े शर्म की बात है कि भारतीय जनता पार्टी उसे राज्यसभा से भेजना चाहती है।

ये भी पढ़ें: Rajya Sabha Elections 2026: राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी का ऐलान, बीजेपी ने एमपी से हरदीप सिंह पुरी को बनाया उम्मीदवार

मध्य प्रदेश के साथ भेदभाव कर रही बीजेपी- नेता प्रतिपक्ष

सिंघार ने पूछा कि क्या मध्य प्रदेश का कोई व्यक्ति नहीं है, दलित, आदिवासी या ओबीसी नहीं है, जिसे भेजा जा सके। भाजपा बड़े लोगों को मौका देना चाहती है लेकिन मध्य प्रदेश के इस वंचित वर्ग के नेताओं को मौका नहीं देना चाहती है। भाजपा मध्य प्रदेश के साथ भेदभाव कर रही है। बीजेपी मध्य प्रदेश को मायका बताती है और मायके के साथ कितना भेदभाव कर रही है, यह हरदीप सिंह पुरी का नाम आने से स्पष्ट हो गया है।

हरदीप सिंह को बनाया उम्मीदवार

आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट खाली हुई है। जिस पर उपचुनाव होने है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। 74 साल के हरदीप सिंह दिल्ली के रहने वाले हैं। वे वर्तमान में मोदी सरकार में पेट्रोलियम मंत्री है। भारतीय विदेश सेवा के सेवानिवृत्त राजनयिक हैं। 2021 से पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री के रूप में कार्यरत है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m