NEET paper leak. नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा और केंद्र सरकार पर हमला बोल रही है. शनिवार को ही रायबलेसी से सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मुद्दे को लेकर बीजेपी की केंद्र सरकार को घेरा. राहुल ने कहा था कि NEET के 22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ है. पर मोदी जी एक शब्द भी नहीं बोल रहे धर्मेंद्र प्रधान जी को अभी हटाइए, या जवाबदेही खुद लीजिए. इस पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने भी मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने एक्स पर लिखा कि ’22 लाख बच्चे और उनके परिवार इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के पास एक शब्द भी नहीं है. यह चुप्पी इस महाघोटाले में मौन सहमति है. मोदी जी, या तो खुद जिम्मेदारी स्वीकार कीजिए या छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत हटाकर जवाबदेही तय कीजिए.’
इसे भी पढ़ें : जनहित सर्वोपरि… जनता दर्शन कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम योगी, फरियादियों की सुनीं समस्याएं
बता दें कि राहुल गांधी ने इसे बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा था कि देश में 80 बार पेपर लीक हुआ है और 2 करोड़ युवाओं का भविष्य बर्बाद हुआ है. प्रधानमंत्री को तरंत आदेश देना चाहिए कि धर्मेंद्र प्रधान जी इस्तीफा दें और जो दोषी लोग हैं उनको पकड़ के जेल में डाला जाए. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि RSS और BJP से जुड़े लोगों को विश्वविद्यालयों में नियुक्त किया जा रहा है और इसी वजह से शिक्षा संस्थानों की विश्वसनीयता कमजोर हुई है. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति RSS से जुड़ा है तो उसे कुलपति जैसे अहम पदों पर नियुक्त किया जाता है.
राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत पद से हटाया जाए. साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और छात्रों को न्याय मिलना चाहिए. राहुल गांधी ने कहा कि देश के करोड़ों युवा मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक होने से उनका भरोसा टूट रहा है. उन्होंने इसे युवाओं के साथ बड़ा अन्याय बताया.

