शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की आष्टा विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राज्य की सियासत में भूचाल ला दिया है। इस वीडियो में विधायक मंच से हंसते हुए यह स्वीकार करते नजर आ रहे हैं कि जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए उन्होंने सदस्यों की खरीद-फरोख्त की थी। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद विपक्ष को भाजपा सरकार और उसकी कार्यप्रणाली पर हमला करने का बड़ा हथियार मिल गया है।
18 में से 10 जिला पंचायत सदस्य खरीदे थे
वायरल वीडियो में आष्टा विधायक गोपाल सिंह अपने पुराने दिनों को याद करते हुए मंच से सार्वजनिक रूप से कह रहे हैं कि जब वे जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मैदान में थे, तब उन्होंने जिला पंचायत के कुल सदस्यों में से बहुमत जुटाने के लिए सदस्यों को खरीदा था। गौरतलब है कि गोपाल सिंह पूर्व में जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं और बाद में विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने वह पद छोड़ दिया था। अब उनके ही मुंह से हॉर्स ट्रेडिंग (खरीद-फरोख्त) की बात स्वीकार करने वाला यह वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। सत्ताधारी दल के विधायक के इस बयान से पार्टी की खासी किरकिरी हो रही है।
कांग्रेस का तीखा पलटवार- बीजेपी करती है लोकतंत्र की हत्या
भाजपा विधायक के इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पूरी तरह आक्रामक हो गई है। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो बात कांग्रेस पार्टी लंबे समय से कहती आ रही थी, आज वह बीजेपी विधायक के खुद के मुंह से सार्वजनिक रूप से सच साबित हो गई है। मुकेश नायक ने सरकार और प्रशासन पर हमला बोलते हुए मांग की है कि- सरकार इस मामले का तत्काल संज्ञान ले। मामले की उच्चस्तरीय या सरकारी जांच एजेंसियों से निष्पक्ष जांच कराई जाए।
विधायक आरिफ मसूद का विवादित बयान: मंच से टीआई को दी चुनौती, बोले- ‘कोर्ट में देना पड़ेगा जवाब’
हर जगह पैसों के दम पर खरीद-फरोख्त
विधायक के खिलाफ लोकतंत्र की हत्या और भ्रष्टाचार के आरोप में आपराधिक प्रकरण (FIR) दर्ज किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चाहे नगरीय निकाय चुनाव हों, पंचायत चुनाव हों या चुनी हुई सरकारें गिराने का मामला हो, बीजेपी हर जगह पैसों के दम पर खरीद-फरोख्त कर लोकतंत्र का गला घोंट रही है। इस विवादित बयान के बाद अब देखना यह होगा कि डैमेज कंट्रोल के लिए बीजेपी संगठन और प्रदेश नेतृत्व इस मामले में क्या रुख अपनाता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

