मनेंद्र पटेल, दुर्ग। भिलाई में युवा कांग्रेस के चुनाव प्रचार और वोटिंग के दौरान प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद सामने आया है। भिलाई के खुर्सीपार में चुनाव प्रचार के सिलसिले में पहुंचे दो पक्षों के प्रत्याशियों के भाइयों के बीच बहस के बाद धक्का-मुक्की और झूमाझटकी हो गई। घटना के दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। इस विवाद के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

कोहनी लगने की बात पर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत कोहनी लगने की बात को लेकर हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। झूमाझटकी के दौरान कपड़े फटने की बात भी सामने आई है। वायरल वीडियो में सेक्टर-10 की कांग्रेस पार्षद सुभद्रा सिंह भी मौजूद दिखाई दे रही हैं। एक युवक गुंडागर्दी करने की बात कहता नजर आ रहा है।

दोनों पक्षों के प्रत्याशियों के भाई थे मौजूद

बताया जा रहा है कि भिलाई नगर विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस पार्षद सुभद्रा सिंह के बेटे रोबिन सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। रोबिन सिंह के चुनाव प्रचार और वोटिंग की अपील के लिए पार्षद सुभद्रा सिंह अपने दूसरे बेटे रोहन सिंह के साथ खुर्सीपार पहुंची थीं।

वहीं दूसरे गुट की ओर से भिलाई नगर विधानसभा प्रत्याशी अर्जुन शर्मा अपने भाई शुभम शर्मा के साथ पहले से मौजूद थे। इसी दौरान शुभम शर्मा और रोहन सिंह के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी होने लगी।

पुलिस ने शांत कराया मामला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। विवाद के दौरान बनाए गए दो वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

देखिये वीडियो –

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H