कुंदन कुमार, पटना। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज शुक्रवार (5, जून) को बिहार सरकार में सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर उन्होंने पटना के गांधी मैदान स्थित गेट नंबर-12 के पास पौधरोपण किया और लोगों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाएं और धरती को हरा-भरा रखें।

मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि आज पर्यावरण बचाना सबसे जरूरी है। हरित बिहार का संकल्प तभी पूरा होगा जब हर नागरिक वृक्षारोपण में भाग ले। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल देना हमारी जिम्मेदारी है।

सीएम और डिप्टी सीएम ने भी किया पौधारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीएम सम्राट चौधरी ने भी जे.पी.गंगा पथ पर आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण को लेकर संदेश दिया। इस मौके पर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी उनके साथ मौजूद थे, उन्होंने भी पौधारोपण किया।

समृद्ध भविष्य की मजबूत नींव रख रहा भारत- सीएम सम्राट

सीएम सम्राट ने विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि, तेज विकास, सुरक्षित पर्यावरण। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने की एक नई मिसाल पेश की है।

सीएम सम्राट ने बताया कि, पिछले 12 वर्षों में हरित आवरण के विस्तार, जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने और #MissionLiFE जैसी जनभागीदारी आधारित पहलों ने सतत विकास की दिशा को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि, आज भारत विकास योजनाओं के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित, हरित और समृद्ध भविष्य की मजबूत नींव रख रहा है।

ये भी पढ़ें- लालू-राबड़ी की सुरक्षा वापस लेने पर डिप्टी CM बिजेंद्र प्रसाद यादव का बड़ा बयान