कुंदन कुमार, पटना। बिहार के डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने पूर्व सीएम लालू यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी की सुरक्षा घटाए जाने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि, कानून के तहत जो कार्य होता है, सरकार वही कार्य करती है। उन्होंने कहा कि, लालू परिवार की सुरक्षा को लेकर जो निर्णय लिए गए हैं, वो ठीक है।
सरकार ने वापस ली Z+ की सिक्योरिटी
गौरतलब है कि बिहार सरकार ने पूर्व सीएम लालू यादव और राबड़ी दवी की सुरक्षा को लेकर नया आदेश जारी किया है। सरकार ने दोनों नेताओं की जेड प्लस सुरक्षा वापस ले ली है। अब उन्हें सरकार की ओर से लालू यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा के लिए बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) से 2-8 हाउस गार्ड, पटना जिला बल से दो बॉडीगार्ड, (राबड़ी देवी के लिए महिला जवान) सादे लिबास में तीन जवान, बुलेट प्रूफ कार और जिला बल के एस्कॉर्ट तथा ड्राइवर की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।इसके साथ ही सरकार ने तेज प्रताप यादव को मिल रही वाई श्रेणी की सुरक्षा को भी हटा लिया है।
राबड़ी आवास विवाद पर कही ये बात
इस दौरान राबड़ी आवास को लेकर जारी विवाद पर भी डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि, मीडिया इसे तरजीह दे रही है और कुछ नहीं है। समय-समय पर ऐसे ही आवास बदलते रहते हैं। गौरतलब है कि भवन निर्माण विभाग ने विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को आवास (10 सर्कुलर रोड) खाली करने के लिए नोटिस जारी किया है। विभाग द्वारा यह बंगला मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है। हालांकि राबड़ी देवी और राजद का कहना है कि बंगला खाली नहीं होगा।
कोचिंग संस्थान के झगड़े पर प्रतिक्रिया
इस दौरान जब डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव से पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच हुए झगड़े को लेकर सवाल किया गया तो, उन्होंने कहा कि, इस मामले में कानून अपना काम कर रही है। गौरतलब है कि बीते 2 जून की रात खान सर की कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़ की घटना हुई थी, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया। उसके अगले दिन पुलिस ने तोड़फोड़ के दौरान हुई फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस ने खान सर के दो सुरक्षा गार्ड को भी गिरफ्तार किया। मिली जानकारी के अनुसार पटना पुलिस ने मामले में खान सर से भी पूछताछ की है। फिलहाल जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- Bihar MLC Elections: उम्मीदवारी को लेकर आमने-सामने राबड़ी और तेजस्वी, 1 सीट के लिए इन दो नामों पर चर्चा

