अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला पंचायत सीईओ पर आदिवासी महिला सरपंच से दुर्व्यवहार के आरोपों की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब नगर पालिका शहडोल में एक नया बखेड़ा खड़ा हो गया है। वार्ड क्रमांक 30 के कांग्रेस पार्षद दानिश अहमद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) निशांत ठाकुर पर अभद्र व्यवहार करने का संगीन आरोप लगाते हुए उनके दफ्तर के बाहर ही डेरा डाल दिया है।
READ MORE: बस स्टैंड में महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा: बस की खिड़की पर चढ़कर खुद को बताया ‘देवी’ का अवतार, हंगामा देख जुटी लोगों की भीड़
वार्ड 30 के पार्षद दानिश अहमद के अनुसार, वे अपने वार्ड में प्रस्तावित पेवर ब्लॉक सड़क के स्टीमेट पर हस्ताक्षर कराने के लिए नगर पालिका कार्यालय पहुंचे थे। उनका कहना है कि सड़क निर्माण से वार्डवासियों को आवागमन में सुविधा मिलती और लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो सकता था, पार्षद ने बताया कि वे CMO निशांत ठाकुर के कार्यालय में पहुंचे, अभिवादन किया और फाइल पर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया।
पार्षद का आरोप है कि फाइल पर हस्ताक्षर की बात सुनते ही CMO नाराज हो गए,आरोप के मुताबिक CMO ने फाइल उनके मुंह की ओर फेंक दी, कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा, पार्षद ने यह भी आरोप लगाया कि CMO ने कहा कि फाइल पार्षद के माध्यम से नहीं आएगी, बल्कि विभागीय कर्मचारी इसे लेकर आएंगे तथा पहले नगर पालिका अध्यक्ष के हस्ताक्षर कराकर लाने की बात कही गई।
READ MORE: जल-जंगल और जमीन की जंग: मूसलाधार बारिश में भी धधक रही ‘चिता आंदोलन’ की आग, अमित भटनागर का आमरण अनशन शुरू!
इस कथित व्यवहार से आहत और नाराज पार्षद दानिश अहमद CMO के चैंबर के सामने धरने पर बैठ गए। धरने की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी, CMO की ओर से मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
मामले की जानकारी लगते ही कांग्रेस के स्थानीय नेता और अन्य पार्षद भी नगर पालिका कार्यालय पहुंचे,उन्होंने पार्षद के साथ कथित दुर्व्यवहार का विरोध करते हुए इसे निर्वाचित जनप्रतिनिधि के सम्मान से जुड़ा मामला बताया, पार्षद दानिश अहमद ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। हालांकि, CMO निशांत ठाकुर का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

