उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण SIR कार्यक्रम के तहत लोक भवन, नैनीताल में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) को सोमवार को गणना प्रपत्र सौंपा गया. इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, अपर सचिव रीना जोशी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक मौजूद रहे.

बता दें कि उत्तराखण्ड में SIR कार्यक्रम के तहत आज से ही प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फार्म बांटने का कार्य प्रारम्भ हो गया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के समस्त मतदाताओं से बूथ लेवल एजेंट्स को सहयोग करने की अपील की है. सीईओ ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 BLOs के पास गणना फार्म पहुंचा दिए गए हैं. इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे. आगामी 7 जुलाई तक एक माह के समय में BLOs द्वारा मतदाताओं के गणना फार्मों को BLO App के माध्यम से डिजिटलाइज किया जाएगा.

इसे भी पढ़ें : 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर जाकर मतदाताओं को बांटे जाएंगे गणना फॉर्म, BLO को उपलब्ध कराई जाएगी मूलभूत सुविधाएं

उन्होंने बताया कि प्रदेश के मतदाता नौकरी या अन्य पेशे से जुड़े होने के कारण दिन में घर पर उपलब्ध नहीं हैं तो वे ”बुक ए कॉल विद BLO” के फीचर से एक क्लिक पर अपने BLO के साथ कॉल बुक करा सकते हैं. इसके लिए मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर विजिट करके या ECI-Net मोबाइल एप को डाउनलोड कर अपनी कॉल बुक करा सकते हैं. कॉल बुक कराने के बाद दो दिन के भीतर BLO द्वारा मतदाता से स्वयं संपर्क किया जाएगा. इसके अलावा BLO के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता है तो ऐसी स्थिति में BLO तीन बार घर पर विजिट करेंगे और BLO घर पर स्टीकर लगाकर अपने अगले विजिट की डेट और मोबाइल नंबर लिखेंगे, मतदाताओं द्वारा BLO से संपर्क कर सुविधानुसार गणना फार्म भरा जा सकता है.