Khan Sir News: खान सर की कोचिंग के बाहर हुए फायरिंग मामले में आज मंगलवार (9 जून) को पटना सिविल कोर्ट में सुनवाई होनी है। खान सर के वकील ने कल सोमवार को कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, जिसपर आज दोपहर 12 बजे कोर्ट में सुनवाई होनी हैं।
गौरतलब है कि मामले में FIR होने के बाद से खान सर फरार हैं। पुलिस लगातार उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। लेकिन अब तक उनका कुछ पता नहीं चल सका है। पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
कोर्ट ने सुरक्षित रखा अपना फैसला
बता दें कि कल सोमवार को पटना सिविल कोर्ट में खान सर की कोचिंग (खान ग्लोबल स्टडीज) से जुड़े दो मामलों (रौशन सर और खान सर के दोनों सुरक्षा कर्मियों की जमानत याचिका) में अहम सुनवाई हुई। सुनवाई पूरी होने और दोनों पक्षों की दलीले सुनने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया, जिसके बाद अब अदालत के फैसले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। मामले में कोर्ट आज अपना फैसला सुना सकता है।
कोर्ट में क्या-क्या हुआ?
कोर्ट में ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। दोनों पक्षों के वकीलों ने अदालत के सामने अपना-अपना पक्ष रखा। रौशन आनंद के वकील विजय आनंद ने कहा कि उनके मुवक्किल निर्दोष हैं, उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है। उन्होंने कोर्ट से रौशन आनंद को जमानत देने की मांग की। वहीं, खान ग्लोबल स्टडीज की ओर से वकील अरविंद कुमार मउआर ने रौशन आनंद की जमानत याचिका का विरोध करते हुए उनपर लगे आरोपों को बेहद ही गंभीर बताया। अदालत ने सभी दोनों पक्षों की दलीलें सुनी और अपने फैसले को सुरक्षित रख लिया है।
दोनों सुरक्षाकर्मियों का मांगा आपराधिक इतिहास
इसके अलावा खान सर के दोनों सुरक्षाकर्मी से जुड़े जमानत मामले में भी कोर्ट में सुनवाई हुई। इस मामले में भी कोर्ट ने सुनवाई पूरी कर अपना फैसला सुरक्षित रखा है। गौरतलब है कि घटना वाली रात के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर गिरफ्तार दोनों सुरक्षा कर्मियों का हवाई फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने दोनों सुरक्षा कर्मियों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ के दौरान यह बताया कि उन्होंने खान सर के कहने पर हवाई फायरिंग की थी।
कोर्ट ने गिरफ्तार खान सर के दोनों सुरक्षा कर्मियों के आपराधिक इतिहास से जुड़ी जानकारी भी मांगी है। कोर्ट यह जानना चाहती है की सुरक्षा कर्मियों का कोई इससे पहले भी आफराधिक इतिहास रहा है या नहीं।
जानें क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि खान कोचिंग पर बीते 2 जून की रात हुए पथराव और मारपीट के मामले में खान ग्लोबल स्टडीज की ओर से ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, घटना के अगले दिन सोशल मीडिया पर फायरिंग से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ, जिसमें खान सर के सुरक्षाकर्मी हवाई फायरिंग करते हुए नजर आए, जिसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए दोनों सुरक्षा कर्मियों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
FIR दर्ज होने के बाद से फरार हैं खान सर
पूछताछ के दौरान दोनों सुरक्षाकर्मियों ने बताया कि उन्होंने खान सर के कहने पर ही हवाई फायरिंग की थी। सुरक्षाकर्मियों के इस बयान पर पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। FIR दर्ज होने के बाद से खान सर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। वहीं, आज पटना सिविल कोर्ट में उनकी अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है।
ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ज, इन क्षेत्रों में सताएगी भीषण गर्मी

