Bihar News: राजधानी पटना में चर्चित कोचिंग विवाद और खान सर (फैसल खान) से जुड़े दो मामलों में सोमवार को अदालत में महत्वपूर्ण सुनवाई हुई। दोनों मामलों पर बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने अपना आदेश सुरक्षित (रिजर्व) रख लिया है। अदालत के इस कदम के बाद अब सभी की निगाहें आने वाले फैसले पर टिकी हुई हैं।
कोर्ट ने सुरक्षित रखा अपना फैसला
खान सर की कोचिंग (खान ग्लोबल स्टडीज) से जुड़े मामलों में आज सोमवार को पटना सिविल कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। सुनवाई पूरी होने और दोनों पक्षों की दलीले सुनने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया, जिसके बाद अब अदालत के फैसले पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
कोर्ट में ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान के संचालक रौशन आनंद की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। गौरतलब है कि खान कोचिंग पर बीते 2 जून की रात हुए पथराव और मारपीट के मामले में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कोर्ट में आज उनकी जमानत याचिका को लेकर हुई सुनवाई में अदालत ने सभी दोनों पक्षों की दलीलें सुनी और अपने फैसले को सुरक्षित रख लिया।
दोनों सुरक्षाकर्मियों का मांगा आपराधिक इतिहास
इसके अलावा खान सर के दोनों सुरक्षाकर्मी से जुड़े जमानत मामले में भी कोर्ट में सुनवाई हुई। इस मामले में भी कोर्ट ने सुनवाई पूरी कर अपना फैसला सुरक्षित रखा है। गौरतलब है कि घटना वाली रात के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर गिरफ्तार दोनों सुरक्षा कर्मियों का हवाई फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने दोनों सुरक्षा कर्मियों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने पूछताछ के दौरान यह बताया कि उन्होंने खान सर के कहने पर हवाई फायरिंग की थी।
कोर्ट ने गिरफ्तार खान सर के दोनों सुरक्षा कर्मियों के आपराधिक इतिहास से जुड़ी जानकारी भी मांगी है। कोर्ट यह जानना चाहती है की सुरक्षा कर्मियों का कोई इससे पहले भी आफराधिक इतिहास रहा है या नहीं।
खान सर ने दायर की अग्रिम जमानत याचिका
उधर गिरफ्तारी की आशंका के बीच खान सर के वकील ने आज पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है, जिसपर सुनवाई करते हुए कोर्ट यह तय करेगी की इस मामले की सुनवाई होगी या नहीं। अगर कोर्ट खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए तैयार होती है, तो कल मंगलवार को इस मामले की सुनवाई हो सकती है।
गौरतलब है कि पटना पुलिस ने मामले में खान सर के खिलाफ भी संगीन धाराओं में मुकदमा दायर किया है, जिसके बाद से उनके उपर गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है। गिरफ्तारी की आशंका के बीच खान सर फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पटना पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, लेकिन अभी तक उनका कुछ पता नहीं चल सका है।
ये भी पढ़ें- ‘एक-दूसरे की बुराइयों को छुपाने का समझौता’, इंडिया गठबंधन की बैठक पर चिराग पासवान का बड़ा हमला

