प्रतीक पटनायक, धमतरी। नशे के सौदागरों पर धमतरी पुलिस ने शिकंजा कसते हुए ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के बाद नशा बेचने के आरोपियों के हाथों में ‘नशे से दूर रहो’ की तख्तियां थमाकर कुरूद शहर में जुलूस निकाला गया। अदालत-ए-इंसाफ से पहले सड़कों पर इंसाफ का पैगाम देने वाली ये तस्वीरें कुरूद की हैं, जहां पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया।

दरअसल, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर धमतरी पुलिस ने कुरूद के इन्वेंचर स्कूल तिराहा मेघा रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक हेरोइन लेकर ग्राहकों की तलाश में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 8 हजार रुपये नगद, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3 लाख 65 हजार रुपये बताई जा रही है, जिसमें हेरोइन की कीमत करीब 1 लाख 2 हजार रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम सिन्हा उर्फ घनसु, ढालेन्द्र रजक उर्फ बाउ और सूरज रजक के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हाथों में तख्ती लेकर निकाला जुलूस
वहीं गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इनके हाथों में तख्तियां दीं, जिन पर लिखा था ‘नशे से दूर रहो’। इसके बाद कुरूद नगर की सड़कों पर इनका जुलूस निकाला गया, ताकि हर नौजवान तक यह पैगाम पहुंचे कि नशा तबाही और बर्बादी है। यह जिंदगी छीनता है और मां-बाप के ख्वाबों को भी चकनाचूर कर देता है।
देखिये वीडियो-
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



