संजय पाटीदार, भोपाल। देश के चर्चित कोचिंग संस्थान ‘फिटजी’ (FIITJEE) द्वारा हजारों छात्रों की एडवांस फीस हड़पने और अचानक कोचिंग सेंटर बंद करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के लखनऊ जोनल ऑफिस ने गाजियाबाद स्थित स्पेशल पीएमएलए (PMLA) कोर्ट में संस्थान के डायरेक्टर्स के खिलाफ आरोप पत्र (चार्जशीट) पेश कर दिया है। इस पूरे घोटाले में भोपाल पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर को भी ईडी की जांच का मुख्य आधार बनाया गया है।

दिनेश गोयल और मोनिला गोयल बने मुख्य आरोपी

ईडी द्वारा 15 अक्टूबर को दाखिल की गई इस चार्जशीट में ‘फिटजी’ के डायरेक्टर दिनेश कुमार गोयल और मोनिला गोयल को मुख्य आरोपी बनाया गया है। यूपी पुलिस (नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा) तथा भोपाल के एमपी नगर थाने में दर्ज प्राथमिकियों (FIRs) के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग (धन शोधन) का आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। देशभर में 14 हजार से अधिक छात्रों का भविष्य दांव पर> ईडी की जांच में कोचिंग संस्थान के बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है:

एडवांस फीस की वसूली

संस्थान ने 2 से 4 साल के विभिन्न इंजीनियरिंग व प्रतिस्पर्धी पाठ्यक्रमों (कोर्सेज) के नाम पर प्रति छात्र 2.8 लाख से 3.5 लाख रुपये तक की भारी-भरकम फीस एडवांस के रूप में वसूली। शिक्षकों (फैकल्टी) को समय पर वेतन न मिलने के कारण पढ़ाई ठप हो गई। इसके बाद मई 2024 से फरवरी 2025 के बीच कंपनी ने बिना किसी पूर्व सूचना के देशभर में अपने 32 कोचिंग सेंटर रातों-रात बंद कर दिए। इस मनमानी के कारण देशभर के 14,411 होनहार छात्रों की पढ़ाई बीच में ही छूट गई और उनका भविष्य अंधकारमय हो गया। हैरानी की बात यह है कि सेंटर बंद होने के बावजूद मार्च 2029 तक की फीस वसूली की प्रक्रिया जारी रखी गई थी।

मध्यप्रदेश

4.5 लाख कर्मचारियों की पेंशन पर बड़ा अपडेट! मध्य प्रदेश में UPS लागू करने की तैयारी, दिसंबर में आएगी रिपोर्ट

71.88 करोड़ की संपत्ति अटैच

जांच एजेंसी ने छात्रों और उनके परिजनों से गैर-कानूनी तरीके से वसूली गई 85.79 करोड़ रुपये की कुल रकम को कानूनन ‘प्रोसीड्स ऑफ क्राइम’ (अपराध की कमाई) माना है। ईडी के मुताबिक, कंपनी प्रबंधन ने छात्रों से ली गई इस गाढ़ी कमाई को दूसरी जगह डायवर्ट कर दिया। कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए ईडी ने अब तक कंपनी और उसके निदेशकों की 71.88 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच (कुर्क) कर ली है। गाजियाबाद स्पेशल कोर्ट में चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब आरोपियों पर कानूनी शिकंजा और कसना तय माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m