कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सोमवार सुबह एक बेहद दुखद हादसा हो गया। बच्चों की जामुन खाने की जिद पूरी करने के चक्कर में सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र चौहान की जान चली गई। सुरेंद्र चौहान अभी सिर्फ 38 साल के थे। वे सोमवार सुबह अपनी छुट्टी पूरी कर ड्यूटी पर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनके बच्चों ने जामुन खाने की इच्छा जताई और कहा कि पापा अपने साथ ड्यूटी पर भी जामुन लेकर जाना।
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
सुरेंद्र चौहान के घर के ठीक सामने ही जामुन का पेड़ है। बच्चों की बात मानकर वे जामुन तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ गए। अचानक पेड़ पर उनका संतुलन बिगड़ गया और वे करीब 20 फुट की ऊंचाई से सीधे नीचे बह रहे नाले में जा गिरे। नाला सीमेंट का बना हुआ था, जिसके कारण उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वे वहीं बेहोश हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद रोते-बिलखते परिवार के लोग उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर भागे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुरेंद्र चौहान अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे अपने पीछे पत्नी मनु, बेटी निष्ठा, बेटे वरदान और बूढ़े माता-पिता को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी बैंक में नौकरी करती हैं। परिवार ने इस हादसे की सूचना सीआरपीएफ मुख्यालय को दे दी है।
मध्य प्रदेश में थे तैनात
सुरेंद्र चौहान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। उनकी पोस्टिंग मध्य प्रदेश में थी। वे करीब 10 दिन पहले ही छुट्टी लेकर कुरुक्षेत्र स्थित अपने घर आए थे। सोमवार सुबह उन्हें वापस अपनी यूनिट में रिपोर्ट करना था, लेकिन घर से निकलने से ठीक पहले यह भयानक हादसा हो गया।
ये भी पढ़ें- नीतीश को भ्रष्टाचार का भीष्म पितामह बताने पर भड़के मंत्री सुनील कुमार, तेजस्वी को दे डाली ये नसीहत
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

