पटना। दानापुर क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नासरीगंज के तक्षशिला कॉलोनी में एक महिला के साथ अवैध संबंधों के शक में आरोपी आलोक यादव ने महिला के देवर इंदल की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के सीने में दो गोलियां मारी गई थीं।
पति की मौत के बाद शुरू हुई थी कहानी
मृतक इंदल की भाभी के पति की मौत छह साल पहले बीमारी के कारण हो गई थी। इसके बाद, महिला के पड़ोसी और आरोपी आलोक यादव का उसके साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। कुछ समय बाद महिला आलोक के साथ घर छोड़कर चली गई थी। हालांकि हाल ही में महिला ने आलोक को भी धोखा दे दिया और उसके घर से नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो गई।
शक ने ली जान
महिला के भागने के बाद से ही आलोक का शक गहरा गया। उसे संदेह था कि महिला का संबंध अब उसके देवर इंदल के साथ है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इतना ही नहीं, महिला के भागने के बाद बौखलाए आलोक ने उसके मायके वालों को भी फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी।
साजिश के तहत बुलाया और उतारा मौत के घाट
मृतक के भाई संजीत द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, 31 मई की रात आलोक ने इंदल को फोन कर किराना दुकान पर बुलाया। वहां से वह उसे अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। कुछ देर बाद सूचना मिली कि इंदल की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच पहले कहासुनी और हाथापाई हुई, जिसके बाद आरोपी ने पिस्टल से इंदल के सीने में दो गोलियां दाग दीं।
पुलिस कर रही है गहन जांच
इस मामले में मृतक के भाई ने आलोक और उसके भाई छोटू के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पटना सिटी के एसपी (पश्चिम) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग का लग रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस घटना में छोटू की क्या भूमिका थी और मृतक व उसकी भाभी के बीच वास्तव में क्या संबंध थे। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

