पटना। दानापुर थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित बड़ी देवी स्थान के समीप शुक्रवार देर रात एक भीषण अग्निकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी। इस हादसे में छह दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई लेकिन व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।

​विवाद के बाद आगजनी का आरोप

​प्राथमिक जांच और व्यापारियों के बयानों के आधार पर यह मामला महज एक दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश की ओर इशारा कर रहा है। लहसुन कारोबारी दिलीप कुमार ने पुलिस को दी गई शिकायत में सुल्तानपुर निवासी लल्लू कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दिलीप के अनुसार शुक्रवार सुबह लल्लू के साथ उनका किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
​पीड़ित ने बताया कि शाम के समय लल्लू शराब के नशे में कुछ अज्ञात युवकों के साथ उनकी दुकान पर पहुंचा और जान से मारने की धमकी देते हुए आग लगाने की बात कही थी। हालांकि स्थानीय दुकानदारों ने उस समय बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था लेकिन देर रात अचानक दुकानों में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

​मची अफरा-तफरी, लाखों का नुकसान

​घटना की जानकारी रात करीब 12 बजे स्थानीय लोगों को हुई जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार सुशील साव ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
​सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। सहायक अग्निशमन पदाधिकारी शशिकांत शर्मा ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। इस हादसे में दिलीप कुमार की लहसुन की दुकान, सुनील कुमार की प्याज की दुकान, राजू की मिर्च की दुकान और मन्नू की नाश्ता दुकान सहित कुल छह दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। प्रभावित व्यापारियों ने इस अग्निकांड में 8 से 9 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान जताया है।

​पुलिस की कार्रवाई

​दानापुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है। आरोपी लल्लू कुमार को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह घटना वाकई पूर्व विवाद का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण हैं। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। स्थानीय प्रशासन ने व्यापारियों को उचित जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।