कुंदन कुमार, पटना। जन सुराज पार्टी एक नए विवाद में घिरती नजर आ रही है। पार्टी की प्रचार सामग्री के साथ 500-500 रुपये के नोटों के बंडल की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता दानिश इकबाल ने इस मुद्दे पर जन सुराज और इसके संरक्षक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला है।

​कैश फॉर वोट का आरोप

​बीजेपी नेता दानिश इकबाल ने वायरल तस्वीर पर गहरा ऐतराज जताते हुए इसे बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जन सुराज पार्टी चुनाव में मतदाताओं को पैसों का लालच देकर प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ‘कैश फॉर वोट’ जैसी कुप्रथा के लिए कोई जगह नहीं है और ऐसी हरकतें लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ों को खोखला करती हैं।
​दानिश इकबाल ने चुनाव आयोग से इस पूरे मामले का तुरंत संज्ञान लेने की पुरजोर मांग की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। वायरल तस्वीरों की सच्चाई, नकदी के स्रोत और इसमें शामिल चेहरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनी रहे।

​ नोटों के बंडल

प्रशांत किशोर पर साधा निशाना

​प्रशांत किशोर की राजनीतिक शैली पर सवाल उठाते हुए दानिश इकबाल ने उनके हालिया बयानों की भी कड़े शब्दों में आलोचना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को लेकर दिए गए बयान और मतदान के दिन को लेकर की गई टिप्पणियां महज मुस्लिम तुष्टिकरण का हिस्सा हैं।
​दानिश इकबाल ने प्रशांत किशोर को ‘जंगल राज का नया वर्जन’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर की राजनीति में आतंक, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण तीनों का मिला-जुला रूप देखने को मिल रहा है, जो बिहार के भविष्य के लिए घातक है।