फिरोज अहमद, दरभंगा। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए दरभंगा जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और सेवन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर मद्यनिषेध विभाग की टीम सघन छापेमारी कर रही है। इसके साथ ही वाहनों की जांच और गश्ती अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि शराब के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
इसी क्रम में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने सदर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को देशी नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया। साथ ही, गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर समीप ही स्थित पोखर से भारी मात्रा में अवैध शराब भी बरामद की गई।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरा के निकट वाहन जांच के दौरान मद्यनिषेध टीम ने सदर प्रखंड के काकरघाटी निवासी शम्भू कुमार यादव को उनकी स्कूटी से 23.400 लीटर देशी नेपाली शराब के साथ पकड़ा। कार्रवाई के दौरान संबंधित दुपहिया वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
झाड़ियों में छिपाकर रखी थी 925 लीटर शराब
गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ के क्रम में मिली जानकारी एवं उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से लगभग 200 मीटर आगे स्थित एक पोखर के आस-पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 925.500 लीटर देशी नेपाली शराब बरामद की गई। इस प्रकार उक्त कार्रवाई में कुल 948.900 लीटर देशी नेपाली शराब जब्त की गई है। मद्यनिषेध विभाग द्वारा अवैध शराब के कारोबार से जुड़े संभावित नेटवर्क एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाने के लिए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में मद्यनिषेध विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए संबंधित क्षेत्रों में निगरानी एवं जांच अभियान को और प्रभावी बनाया जा रहा है। साथ ही आम नागरिकों से अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग या प्रशासन को सूचित करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।
ये भी पढ़ें- ‘गद्दारों को कर्मों की सजा मिल रही’, अनंत सिंह पर राजद का तंज, याद दिलाई तेजस्वी की पुरानी बात

