वीरेंद्र कुमार, दरभंगा। जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में महज 8 दिन के अंदर अपराधियों ने दूसरी बार एक जैसी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार शिक्षक दंपति सुमन कुमार चौधरी के घर में घुसे बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। हालांकि लूट कितने की हुई? अभी पुलिस इसकी जांच कर रही है, लेकिन घटना के बाद पीड़ित दंपत्ति ने जो जानकारी दी है वह चौंकाने वाली है।

सो रही बेटी के बाल काटे

गृहस्वामी शिक्षिका ने बताया कि, उनकी बेटी घर के कमरे में अकेले सोई हुई थी। इस दौरान कौन कैसे घर में घुसा? कितना चोरी हुई? यह हमलोग को नहीं पता। उन्होंने बताया कि चोर ने हमारी बच्ची के बाल काट दिया और सारा कपड़ा व सामन खुला पड़ा था। उन्होंने बताया कि बेटी ने जाते-जाते एक आदमी को देखा, जिसने काला कलर का कपड़ा पहना हुआ था।

पीड़ित शिक्षक ने दी पुलिस को सूचना

वहीं, पीड़ित शिक्षक सुमन कुमार ने बताया कि, रात लगभग 3 बजे के करीब की यह घटना है। 4 बजे तक हम लोग उठ जात हैं। घर की साफ-सफाई करने के लिए, जब कमरे में देखा गया तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था और मेरी बेटी का बाल भी काटा गया था। उन्होंने बताया कि हमारे गांव में इस तरह की यह दूसरी घटना है। हमने पुलिस को इसकी सूचना दी है।

छानबीन में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम और टेक्निकल सेल को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जांच कर कुछ जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और उन्हें जांच के लिए लैब में भेजा गया है। फिलहाल घटना को लेकर शिक्षक दंपत्ति और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।

8 दिन पहले भी हुई थी इस तरह की घटना

बता दें कि इसी गांव में 8 दिन पहले ही डॉ. पवन कुमार मिश्रा के घर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। उस दौरान भी बदमाशों ने उनकी बहू को नशीला इंजेक्शन देकर उसके भी बाल काट दिए थे और लाखों के जेवर लूट लिए थे। लगातार दो घटनाओं में बाल काटने का एक जैसा तरीका सामने आने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। वहीं, अब पुलिस भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए छानबीन में जुट गई है।

ये भी पढ़ें- NEET Result 2026: बिहार के आयुष भालोटिया ने हासिल की AIR-4, CM सम्राट चौधरी ने दी बधाई