अमेरिका में बड़े पैमाने पर डेटा लीक का मामला सामने आया है। करीब 15 करोड़ अमेरिकी नागरिकों का निजी डेटा डार्क वेब पर बिक्री के लिए लिस्ट किए जाने का दावा किया गया है। लीक हुए डेटा में ड्राइविंग लाइसेंस, पहचान पत्र, ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स और मेडिकल कार्ड जैसी संवेदनशील जानकारियां शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए FBI ने जांच शुरू कर दी है।
पत्रकार ब्रायन क्रेब्स ने किया खुलासा
इस मामले का खुलासा साइबर सिक्योरिटी पत्रकार ब्रायन क्रेब्स ने किया। उनके मुताबिक, डार्क वेब पर बिक्री के लिए उपलब्ध डेटाबेस में उनका अपना डेटा भी शामिल था। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और FBI के एक सहायक निदेशक की जानकारी भी बिक्री के लिए सूचीबद्ध मिली।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यह डेटा रूस से जुड़ी वेबसाइटों पर बेचा जा रहा था। हालांकि, इसे किसने खरीदा और खरीदारों का मकसद क्या था, इसकी फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है।
Exploit फोरम पर 15 करोड़ अमेरिकियों का डेटा
रिपोर्ट के अनुसार, रूसी साइबर क्राइम फोरम Exploit पर ‘Nexus’ नाम से एक विज्ञापन जारी किया गया था। इसमें करीब 150 मिलियन अमेरिकी नागरिकों का डेटा बेचने का दावा किया गया। कुछ लोगों द्वारा डेटा खरीदने की भी बात सामने आई है, लेकिन कितना डेटा वास्तव में बेचा गया, यह स्पष्ट नहीं है।
क्रेब्स के मुताबिक, कनाडा के करीब 11 लाख लोगों का डेटा भी इस लीक में शामिल हो सकता है।
ड्राइविंग लाइसेंस से मेडिकल कार्ड तक डेटा
बिक्री के लिए सूचीबद्ध डेटा में कथित तौर पर:
- 1 करोड़ से अधिक पहचान पत्र
- 30 लाख से ज्यादा ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स
- कम से कम 5.79 लाख मेडिकल कार्ड
- बड़ी संख्या में ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी जानकारी
शामिल थी। डेटा बेचने वालों ने दावा किया कि यह पिछले एक साल के दौरान चोरी किया गया लेटेस्ट डेटा है।
डेटा लीक की वजह क्या है?
साइबर रिसर्चर जैक एडवर्ड्स ने बताया कि उन्होंने कार खरीदने के सिलसिले में एक कंपनी के साथ अपनी जानकारी साझा की थी, लेकिन कार नहीं खरीदी। बाद में उनका डेटा लीक हुआ।
इसी तरह IDScan.net से भी डेटा लीक होने का मामला सामने आया है। कंपनी ने मामले की जांच कराने की बात कही है। FBI ने फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद अपडेट दिया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



