रवि रायकवार, दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले हाई-प्रोफाइल उपचुनाव से ठीक पहले एक बहुत बड़ा राजनीतिक उलटफेर हो गया है। दतिया राजपरिवार के बड़े नाम और रसूखदार नेता महाराज गोविंद देव ने कांग्रेस को तगड़ा झटका देते हुए भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। इस ज्वाइनिंग ने न सिर्फ दतिया बल्कि पूरे प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है, क्योंकि कांग्रेस ने इस उपचुनाव में इसी राजपरिवार के कुंअर घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। चुनाव से ठीक पहले परिवार के सदस्य के इस कदम से कांग्रेस बैकफुट पर नजर आ रही है।
ये भी पढ़ें: Datia By-election: कांग्रेस के मंच से वोट मांग ले गए बीजेपी प्रत्याशी; प्रदेश अध्यक्ष ने दे दी जादू की झप्पी!
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दिलाई सदस्यता
जानकारी के अनुसार महाराज गोविंद देव की बीजेपी में एंट्री बेहद रणनीतिक तरीके से कराई गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने महाराज गोविंद देव को विधिवत रूप से भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई।
बीजेपी आईटी सेल कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान महाराज गोविंद देव को बीजेपी की सदस्यता दिलाई गई। जैसे ही महाराज के गले में भाजपा का भगवा गमछा डाला गया, उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
राजपरिवार और कांग्रेस में मची भारी हलचल
महाराज गोविंद देव का भाजपा में जाना दतिया के स्थानीय समीकरणों को पूरी तरह से बदल सकता है। दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की ओर से राजपरिवार के कुंअर घनश्याम सिंह उम्मीदवार हैं। अब उनके परिवार से महाराज गोविंद देव के भाजपा में शामिल होने से राजपरिवार की अंदरूनी कलह और राजनीतिक फूट सड़क पर आ गई है। महाराज गोविंद देव के इस फैसले के बाद राजपरिवार और कांग्रेस खेमे में भारी मायूसी और हलचल का माहौल है।
ये भी पढ़ें: असंभव को सीएम डॉ. मोहन ने किया संभव, UCC को कैबिनेट ने दी मंजूरी, जानें लिव-इन के लिए क्या हैं शर्तें?
बीजेपी को मिलेगी बड़ी मजबूती!
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उपचुनाव के ऐन वक्त पर महाराज गोविंद देव का भाजपा में आना कांग्रेस के कोर वोट बैंक में बड़ी सेंधमारी है। राजपरिवार का क्षेत्र में अपना एक बड़ा पारंपरिक प्रभाव है, जिसका सीधा फायदा अब भाजपा प्रत्याशी को मिलने की उम्मीद है। वहीं, बीजेपी खेमे में इस ज्वाइनिंग के बाद जश्न का माहौल है और पार्टी इसे अपनी मनोवैज्ञानिक जीत मानकर चल रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

