शब्बीर अहमद, भोपाल। Who Is Datia Congress Candidate Ghanshyam SIngh: मध्य प्रदेश के दतिया में होने वाले उपचुनाव के लिए चुनावी बिगुल बज गया है। भाजपा और कांग्रेस, दोनों प्रमुख दलों ने अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने जहां नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर नए चेहरे पर भरोसा जताया और आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने दो बार विधायक रहे दतिया राजघराने के मुखिया घनश्याम सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।
कौन हैं घनश्याम सिंह?
घनश्याम सिंह दतिया राजघराने के मुखिया हैं। उनके पिता महाराज कृष्ण सिंह जूदेव 1984 में भिंड-दतिया सीट से कांग्रेस के टिकट से सांसद बने थे। पिता की राजनीतिक विरासत को संभालते हुए दतिया विधानसभा से 1993 में घनश्याम सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर पहला चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। 1998 में कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया लेकिन 2003 में दोबारा उन्हें दतिया की जिम्मेदारी दी। इस बार उन्होंने अपना दबदबा दिखाया और जीतकर विधायक बने।
2008 में नरोत्तम मिश्रा से मिली थी हार
साल 2008 के विधानसभा चुनाव में घनश्याम सिंह को कांग्रेस ने दोबारा टिकट दिया जहां उनका मुकाबला नरोत्तम मिश्रा से हुआ था। लेकिन इस बार उन्हें करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। दतिया सीट पर पहली बार चुनाव लड़ने उतरे बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा ने घनश्याम सिंह को हरा दिया।
कई बार चला हार-जीत का सिलसिला
इसके बाद 2013 में दतिया की पड़ोसी सीट सेवढ़ा विधानसभा से घनश्याम सिंह ने चुनाव लड़ा लेकिन यहां भी उन्हें हार झेलनी पड़ी। 2018 में कांग्रेस से फिर उन्होंने चुनाव लड़ा और इस बार सेवढ़ा में उन्होंने जीत का परचम लहराया और विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे। 2023 में कांग्रेस के चेहरे पर उन्होंने सेवढ़ा से चुनाव लड़ा लेकिन इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
कब-क्या होगा?
दतिया में 13 जुलाई से नामांकन होगा। 14 जुलाई को नामांकन की स्क्रूटनी होगी। 16 जुलाई को नाम वापसी की आखिरी तारीख है। 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

