रवि रायकवार, दतिया। देश के प्रसिद्ध एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री पीतांबरा पीठ के मुख्य द्वार के भव्य निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। पीठ के आचार्यों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद मुख्य गेट का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य नए सिरे से प्रारंभ कराया गया। उल्लेखनीय है कि पीठ का मुख्य द्वार लंबे समय से बंद पड़ा था और करीब एक साल पहले निर्माण कार्य के दौरान अचानक 10 मेहराब गिर जाने से काम पूरी तरह रोक दिया गया था।
ये भी पढ़ें: टपकती छत और झड़ता प्लास्टरः खरगोन के देवली स्कूल में 4 कमरों में सिमटीं 8 कक्षाएं, एक ही कमरे में बैठने को मजबूर बच्चे
जयपुर की कंपनी को मिला ठेका, 9 महीने में स्ट्रक्चर तैयार करने का वादा
पिछली खामियों को दूर करते हुए अब राजस्थान के जयपुर की एक प्रतिष्ठित कंपनी को इस मुख्य द्वार के निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आर्किटेक्ट्स और निर्माण कंपनी ने अगले 9 महीने के भीतर मुख्य द्वार का पूरा स्ट्रक्चर तैयार करने का दावा किया है।
भूमि पूजन के दौरान ट्रस्टी अनुराधा शर्मा ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि पिछली बार निर्माण में कुछ खामियां रह गई थीं, जिससे नुकसान हुआ था। लेकिन अब इस नए निर्माण कार्य पर पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ निगरानी रखी जाएगी।
दतिया की ऐतिहासिक धरोहरों से सजेगा मुख्य द्वार
पीतांबरा पीठ के ट्रस्टी श्री चंदेल ने बताया कि स्ट्रक्चर में थोड़ा बदलाव किया गया है। देश के प्रमुख मंदिरों का निर्माण करने वाले अनुभवी आर्किटेक्ट्स की देखरेख में काम शुरू हो रहा है। ट्रस्ट पैसों की बर्बादी या निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करेगा।
नए निर्माण की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि मुख्य द्वार पर दतिया के प्रसिद्ध मंदिरों और ऐतिहासिक धरोहरों के फोटोग्राफ व कलाकृतियां लगाई जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को प्रवेश द्वार पर ही दतिया की सांस्कृतिक पहचान नजर आएगी।
ये भी पढ़ें: MP के सबसे बड़े सरकारी ऑफिस में कामकाज ठप: मंत्रालय में E ऑफिस पोर्टल बंद, अफसरों ने CS को दी जानकारी
ठेकेदारी नहीं, माई की भक्ति भाव से करूंगा काम- ठेकेदार ईशान गर्ग
जयपुर से निर्माण कार्य कराने आए ठेकेदार ईशान गर्ग ने भक्ति भाव व्यक्त करते हुए कहा कि मैं यहां केवल एक ठेकेदार के रूप में नहीं आया हूं, बल्कि माई का परम भक्त होने के नाते आया हूं। मेरी पहली प्राथमिकता माई के दरबार के इस मुख्य द्वार को भव्य और सुरक्षित बनाना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


