अतीश दीपंकर,भागलपुर। जिले के कहलगांव अनुमंडल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अपनी ही बेटियों और दामाद पर उन्हें कागजों में मृत घोषित कर पैतृक जमीन बेच देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
बेटी दामाद ने मृत दिखाकर बेची जमीन
पीड़ित बुजुर्ग की पहचान घोघा थाना क्षेत्र के जानीडीह गांव निवासी बुनेल यादव के रूप में हुई है। उन्होंने कहलगांव अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देकर बताया कि वह जीवित हैं, लेकिन कथित तौर पर उन्हें सरकारी कागजात में मृत दिखाकर उनकी पैतृक जमीन की खरीद-बिक्री कर दी गई।
बिना जानकारी और सहमति के बेच दी जमीन
बुनेल यादव का आरोप है कि इस पूरे मामले में उनकी बेटियों और दामाद की भूमिका है। उनका कहना है कि बिना उनकी जानकारी और सहमति के जमीन से जुड़े दस्तावेज तैयार किए गए और बाद में जमीन बेच दी गई। पीड़ित ने आवेदन में मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
20 साल पहले पत्नी को हो चुकी है मौत
पीड़ित बुजुर्ग ने यह भी बताया कि, करीब 20 साल पहले उनकी पत्नी की मौत हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि, फर्जी तरीके से संपत्ति का हस्तांतरण किया गया है। पीड़ित ने यह भी कहा कि, बेटियों और दामाद द्वारा उनके साथ मार-पीट की गई और उन्हें घर से निकाल दिया गया है।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
पीड़ित बुजुर्ग ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल आवेदन मिलने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- इंस्टाग्राम वाला प्यार: बंगाल की नाबालिग युवती के प्यार में पड़ा लड़का घर से हुआ फरार, थाने पहुंची मां ने..

