अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 स्थित बरैठा मुसहरी गांव से एक नाबालिग लड़के के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि इंस्टाग्राम के जरिए पश्चिम बंगाल की एक नाबालिग लड़की से संपर्क होने के बाद लड़का घर छोड़कर फरार हुआ है।

मां ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

मामले को लेकर लड़के की मां सुधा देवी ने सुल्तानगंज थाना में लिखित आवेदन देकर अपने बेटे की बरामदगी की गुहार लगाई है। आवेदन में उन्होंने बताया कि करीब दो-तीन महीने पहले उनके नाबालिग बेटे की पहचान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से पश्चिम बंगाल की एक नाबालिग लड़की से हुई थी। परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच लगातार मोबाइल पर बातचीत होती थी और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। इसी बीच अचानक लड़का घर छोड़कर कहीं चला गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

गांव के युवक पर लगाया गंभीर आरोप

लापता नाबालिग बेटे की मां ने थाने में दोनों नाबालिक प्रेमी जोड़े का मोबाइल नंबर साझा करते हुए बताया कि, 23 मई को हमारे गांव के एक युवक सौरभ कुमार ने मेरे पुत्र को 24 सौ रुपये देकर बंगाल की उक्त युवती से मिलने के लिए भेजा। उस दिन से मेरा नाबालिक पुत्र घर वापस नहीं आया है। उन्होंने कहा कि सौरभ कुमार का भी एक युवती से चक्कर है। यही मेरे पुत्र को भी उसी चक्कर में फंसाकर रुपये देकर बंगाल की उस नाबालिक लड़की से मिलने के लिए भेजा है।

साजिश के तहत बेटे को फंसाने का आरोप

उन्होंने बताया कि, 26 मई की शाम मेरे पुत्र ने एक व्यक्ति के मोबाइल से फोन कर कहा कि, वह पकड़ा गया है। साथ में दो युवती भी है। इतना कहने के बाद मोबाइल बंद हो गया। यह सब सौरभ के मोबाइल में रिकार्ड भी है। नाबालिक लड़के की मां सुधा देवी ने आरोप लगाते हुऎ कहा कि, सौरभ कुमार से उनका पुरानी जमीनी विवाद है। इसी करण मेरे नाबालिक पुत्र को एक साजिश के तहत वह फंसा रहा है।

पुलिस ने शुरू की छानबीन

उन्होंने आशंका जताई है कि सौरभ उनके बेटे के साथ कोई बड़ा घटना न कर दे। युवक के लापता होने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने अपने बेटे की बरामदगी को लेकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। वहीं, पुलिस मामला दर्ज करते हुए छानबीन में जुट गई है। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की पुलिस आखिर कब तक जमीन विवाद के बीच नाबालिग युवक-युवती के बीच उलझी इस प्यार की गुत्थी को कब तक सुलझा पाती है?

ये भी पढ़ें- बकरीद के दिन लोहे की रॉड से पीट-पीटकर महिला की हत्या, मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद